तेजपाल रावत निर्मोही बने प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष
पोखरी, 6 फरवरी। विकासखंड पोखरी में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव चौंडी के प्रधान किशन बुटोला की अध्यक्षता में तथा पर्यवेक्षक एडवोकेट श्रवण सती की देखरेख में पर्ची प्रणाली से कराया गया।
चुनाव में सिनाऊ पल्ला के प्रधान तेजपाल रावत निर्मोही ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ब्राह्मणथाला के प्रधान दीपक थपलियाल को तीन मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। चुनाव मैदान में कुल चार प्रत्याशी थे, जिनमें सिनाऊ पल्ला के प्रधान तेजपाल रावत निर्मोही, ब्राह्मणथाला के प्रधान दीपक थपलियाल, भदूणा के प्रधान राकेश रावत तथा झिलोटी के प्रधान बीरेंद्र बर्तवाल शामिल रहे।
मतगणना में तेजपाल रावत निर्मोही को 20 मत, दीपक थपलियाल को 17 मत, राकेश रावत को 10 मत तथा बीरेंद्र बर्तवाल को 10 मत प्राप्त हुए। एक मत निरस्त घोषित किया गया। विकासखंड की कुल 73 ग्राम पंचायतों में से 58 ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने मतदान में भाग लिया।
ब्लॉक अध्यक्ष निर्वाचित होने पर तेजपाल रावत निर्मोही ने सभी ग्राम प्रधानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर, बिना किसी भेदभाव के, विकासखंड के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन के भीतर प्रधान संगठन की ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्रवण सती, चौंडी के प्रधान किशन बुटोला, दिनेश रडवाल, किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, भिकोना की प्रधान सुचिता देवी, विनगढ़ की प्रधान मीना चौहान, डुगर की प्रधान दीक्षा बर्तवाल, मजयाणी के प्रधान राजेंद्र रावत, वल्ली के प्रधान देवेंद्र लाल, हरिशंकर की प्रधान रिकी देवी चौधरी, सिमलासू के प्रधान उत्तम असवाल, रानो की प्रधान कल्पेश्वरी देवी सहित अनेक ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
