होली गीतों और सामूहिक नृत्य से सराबोर हुआ थराली रामलीला मैदान
थराली, 2 मार्च (हरेंद्र बिष्ट)। रामलीला मैदान थराली में आयोजित होली मिलन समारोह रंग, उमंग और पारंपरिक होली गीतों की मधुर धुनों से सराबोर रहा। होलियारों ने पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य किया और पूरे मैदान को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा एवं उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने क्षेत्रवासियों को रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक भूपाल राम टम्टा द्वारा आयोजित इस होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर लोगों ने विधायक को उनके जन्मदिन और होली की बधाई भी दी।
विधायक ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देती है। इस अवसर पर हमें क्षेत्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लेना चाहिए।
समारोह में बधाणी सांस्कृतिक समिति सूना के अध्यक्ष प्रेम देवराड़ी, रमेश देवराड़ी, राहुल तथा होलियारे खीमानंद खंडूड़ी ने “फाल्गुन महीना खेलो होली…”, “मत मारो मोहन पिचकारी…”, “आगे बसंत ऋतु, आगे होली…”, “जय देवी गौरी भवानी…”, “जल कैसे भरूं यमुना गहरी…” जैसे पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए, जिन पर होलियारों ने सामूहिक नृत्य किया। अबीर और गुलाल की उड़ती रंगत के बीच रामलीला मैदान का वातावरण अत्यंत मनोहारी हो उठा।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, रणजीत सिंह नेगी, राकेश भारद्वाज, गंगा सिंह बिष्ट, देवेंद्र नेगी, भास्कर पांडे, देवाल विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धनेंद्र बिष्ट, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, वरिष्ठ नेता गणेश मिश्रा, युवराज बसेड़ा, नारायणबगड़ के पूर्व प्रमुख यशपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, पत्रकार एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे
