‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ महारैली की सफलता पर उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया

देहरादून, 14 दिसंबर . उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर 2025 को आयोजित कांग्रेस की विशाल “वोट चोर-गद्दी छोड़” महारैली की बड़ी सफलता पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को बधाई दी और कार्यकर्ताओं का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया।
गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के कोने-कोने से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और रैली में उत्साहपूर्ण भागीदारी की, जिससे पार्टी संगठन को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि रैली में कार्यकर्ताओं का जोश देखकर स्पष्ट हो गया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता बनाए रखने के खिलाफ राहुल गांधी के निडर संघर्ष में हर कांग्रेसजन कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की तानाशाही नीतियों और संस्थाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध राहुल गांधी तथा पार्टी की जनहितकारी लड़ाई में पूरी ताकत से साथ रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों व संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। इससे न केवल विपक्ष, बल्कि देश की जनता भी मोदी सरकार से मुक्ति चाहती है। इसके लिए सभी विपक्षी दलों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होना होगा।
अंत में, गोदियाल ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों-विधायकों, एआईसीसी व पीसीसी सदस्यों, जिला-महानगर-ब्लॉक अध्यक्षों, अनुषांगिक संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस ऐतिहासिक रैली की सफलता में उनका योगदान सराहनीय है।
