टीएमयू ने वैश्विक फाउंडेशन एएलआईएफ के साथ किया एमओयू
छात्रों को वैश्विक मेंटरशिप, नेतृत्व प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख अवसर मिलेंगे: अक्षत जैन
मुरादाबाद 20 फरबरी। हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के प्रोफेसर्स द्वारा समर्थित वैश्विक फाउंडेशन एस्पायरिंग लीडर्स इंडिया फाउंडेशन (एएलआईएफ) के साथ तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू), मुरादाबाद ने एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस वैश्विक साझेदारी के मूल में टीएमयू के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन का दूरदर्शी विज़न अहम रहा।
एमओयू पर एएलआईएफ की ओर से एस्पायर इंडिया के लीड एमएंडई एंड एल्युमिनाई एंगेजमेंट श्री विग्नेश पी तथा टीएमयू की ओर से डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर टीएमयू के कुलपति प्रो. वी.के. जैन की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
एमओयू के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए श्री विग्नेश पी ने कहा कि इसका मकसद आधुनिक शैक्षणिक मॉडलों के साथ-साथ एआई आधारित शिक्षा, सामुदायिक नेतृत्व, नवाचार और सीखने के प्रभाव (लर्निंग इफेक्ट) को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर शिक्षा के बदलते स्वरूप के अनुरूप छात्रों को तैयार करना इस साझेदारी का प्रमुख लक्ष्य है।
एमओयू के बाद टीएमयू के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन ने कहा कि इस समझौते से टीएमयू के छात्रों को वैश्विक मेंटरशिप, नेतृत्व प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुख अवसरों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय एल्युमिनाई नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे छात्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
एमओयू से पूर्व मेडिकल एलटी में सेंटर फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड डेवलपमेंट (सीटीएलडी) द्वारा आयोजित ओरिएंटेशन सत्र में श्री विग्नेश पी ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना होना चाहिए। उन्होंने छात्रों को अवसरों की पहचान कर स्वयं को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि आज का छात्र केवल ज्ञान का उपभोक्ता नहीं, बल्कि परिवर्तन का नेतृत्व करने वाला होना चाहिए।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ शैक्षणिक नेतृत्व के साथ श्री विग्नेश पी का राउंड टेबल डिस्कशन भी आयोजित हुआ, जिसकी थीम “इम्पावरिंग फर्स्ट जनरेशन लीडरशिप, एम्प्लॉयएबिलिटी एंड फ्यूचर स्किल्स” रही।
ओरिएंटेशन सत्र में लगभग 300 छात्र उपस्थित रहे। साथ ही सीटीएलडी के डायरेक्टर श्री पंकज कुमार सिंह, एसोसिएट डीन एकेडमिक्स डॉ. अमित कंसल, सीटीएलडी के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. दिलीप दत्त वार्ष्णेय, सीओई, टिमिट सहित विभिन्न कॉलेजों के फैकल्टी सदस्य भी मौजूद रहे।
