थराली में सीटू के बैनर तले एक दिवसीय ट्रेड यूनियन हड़ताल, 17 सूत्रीय ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा
थराली, 12 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। राष्ट्रव्यापी अखिल भारतीय एक दिवसीय ट्रेड यूनियन हड़ताल के तहत थराली में सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के बैनर तले जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी थराली के माध्यम से राष्ट्रपति को 17 सूत्रीय ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।
गुरुवार को थराली, देवाल एवं नारायणबगड़ क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यूनियन, भोजनमाता, आशा कार्यकर्ता सहित विभिन्न कामगार संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता देवाल तिराहे पर एकत्र हुए। यहां से सीटू के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए राड़ीबगड़ स्थित तहसील कार्यालय पहुंचा। तहसील परिसर में प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
जुलूस और प्रदर्शन के उपरांत उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट के माध्यम से राष्ट्रपति को 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वयं को राज्य कर्मचारी घोषित किए जाने तथा न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक वेतनमान देने की मांग की। वहीं भोजनमाताओं और आशा कार्यकर्ताओं ने 36 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ पेंशन और ग्रेच्युटी का लाभ दिए जाने की मांग रखी।
कामगार यूनियनों ने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार श्रम संहिताओं को श्रमिक विरोधी बताते हुए उन्हें निरस्त कर पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने की मांग की। इसके साथ ही बिजली बिल संशोधन विधेयक 2025 और स्मार्ट मीटरों को वापस लेने, किसानों के लिए गारंटी बिल लागू करने तथा बीज बिल को निरस्त करने की भी मांग की गई।
सीटू ने न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने, उद्योगों में कार्यरत मजदूरों एवं आर्थिक बोझ से दबे कामगारों के लिए पेंशन योजना के तहत न्यूनतम 7,500 रुपये मासिक पेंशन सुनिश्चित करने की भी मांग ज्ञापन में शामिल की।
इस अवसर पर मदन मिश्रा, ललित मिश्रा, दीपा देवी, कमला देवी, पुष्पा देवी, दुर्गा देवी, पूजा रजवार, मंजू देवी, बसंती देवी सहित बड़ी संख्या में कामगार संगठन के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
