पेयजल संकट से त्रस्त व्यापारियों ने खाली बाल्टियों -गागरों के साथ प्रदर्शन कर आक्रोश जताया
–रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट–
थराली/देवाल। पिछले तीन दिनों से देवाल बाजार में पेयजल की आपूर्ति ठप पड़े होने से आक्रोशित व्यापारियों ने खाली बाल्टियों, बंटो, गागरों के साथ जुलूस निकाल कर प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड जल निगम एवं जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से देवाल, सेलखोला, इच्छोली, नरमनोला आदि स्थानों पर पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी हुई हैं। देवाल क्षेत्र के लिए पानी की आपूर्ति के लिए वर्षों से गमलीगाड़ से देवाल तक पानी की आपूर्ति की जाती रही हैं। जिसके रखरखाव की जिम्मेदारी उत्तराखंड जल संस्थान कर्णप्रयाग डीविजन के पास हैं।जल संस्थान इस लाइन पर ध्यान नही दे रहा है।
वही उत्तराखंड जल निगम कार्णप्रयाग के द्वारा करोड़ों रूपयों की लागत से हनीगाड़, लौसरी, हाट कल्याणी, इच्छोली, सेलखोला, देवाल से पूर्णा गांव तक हनीगाड़ पेयजल योजना का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से अधिक समय से किया जा रहा है,जिसे आज तक पूरा नही किया जा सका है।
विभागीय लापरवाहियों के कारण देवाल क्षेत्र के व्यापारियों,आम जनता एवं आने जाने वाले यात्रियों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा हैं। पानी की आपूर्ति बाधित होने से आक्रोशित व्यापारियों एवं आमजन ने देवाल बाजार में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन करते हुए जल संस्थान एवं जल निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि तत्काल पेयजल की आपूर्ति बहाल नही किए जाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इस मौके पर व्यापार संघ देवाल के अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, संयोजक भरत सिंह गड़िया, उपाध्यक्ष हेम चन्द्र मिश्रा, कुंदन भंडारी, संरक्षक प्रदीप राणा,जिला उपाध्यक्ष केडी मिश्रा, हरीश पांडे,जोत सिंह,दान सिंह, पवन सोनार,प्रताप सिंह रावत, विनोद कुमार आदि व्यापारियों ने जुलूस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पेयजल के संबंध में व्यापार संघ देवाल के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पिछले दो, तीन माह से देवाल क्षेत्र में अनियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति हो रही है।
जल निगम एवं जल संस्थान के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को इस संबंध में कई पत्र भेजें जा चुके हैं किन्तु पेयजल आपूर्ति में कोई भी सुधार नही आया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सेवा में सुधार नही आने पर देवाल क्षेत्र के लोगों को आंदोलन छेड़ने पर विवश होना पड़ेगा।