ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संदीप सिंघल को ‘उत्तराखंड ऊर्जा रत्न पुरस्कार 2025-26’
देहरादून, 21 फरवरी। यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल को ऊर्जा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड ऊर्जा रत्न पुरस्कार 2025-26’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंडियन सोसाइटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट (ISTD) के देहरादून चैप्टर द्वारा “Transforming Work and Workforce Expectations: The New People Agenda” विषय पर आयोजित कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया।
संदीप सिंघल को यह पुरस्कार यूजेवीएन लिमिटेड को ऊर्जा क्षेत्र में एक सतत् लाभ अर्जित करने वाले, वित्तीय रूप से सुदृढ़ और तकनीकी रूप से उन्नत निगम के रूप में स्थापित करने में उनके प्रभावी नेतृत्व और दूरदर्शी प्रयासों के लिए दिया गया। उनके नेतृत्व में यूजेवीएन लिमिटेड ने न केवल अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि राज्य की ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।
वर्तमान में यूजेवीएन लिमिटेड की वित्तीय स्थिति अत्यंत सुदृढ़ है तथा निगम पिछले कई वर्षों से राज्य सरकार को उसके पूंजी निवेश पर निरंतर लाभांश प्रदान कर रहा है, जो इसकी सशक्त प्रबंधन प्रणाली और दीर्घकालिक रणनीति को दर्शाता है।
सम्मान समारोह में इंडियन सोसाइटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल शाह, उत्तर क्षेत्र की उपाध्यक्ष अंकिता शर्मा सूरी, देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष अनूप कुमार, सचिव राजेंद्र सिंह सहित संस्था के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संदीप सिंघल के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार और कुशल प्रशासन का प्रेरक उदाहरण बताया।
इस अवसर पर संदीप सिंघल ने सम्मान के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी पूरी टीम और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश और देश के ऊर्जा क्षेत्र के सतत् विकास के लिए भविष्य में भी निरंतर कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
