देहरादून, 13 अप्रैल: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को राजीव भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। गोदियाल ने राज्य की विषम परिस्थितियों और लंबित समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 10 बिंदुओं पर सीधे जवाब मांगे हैं।

प्रमुख मुद्दे और उठाए गए सवाल:

  • अंकिता भंडारी हत्याकांड: गोदियाल ने कहा कि इस मामले में भाजपा नेताओं की संलिप्तता के आरोप लग रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा सीबीआई जांच के आश्वासन के बावजूद महीनों बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जांच का आधार माता-पिता की शिकायत के बजाय किसी तीसरे पक्ष की शिकायत को क्यों बनाया गया?

  • पलायन और रोजगार: प्रधानमंत्री के 2017 के नारे “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” का जिक्र करते हुए गोदियाल ने पूछा कि युवाओं के लिए अब तक कौन सी प्रभावी योजनाएं धरातल पर उतरी हैं? उन्होंने कहा कि आज राज्य का युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है।

  • भर्ती घोटाले और पेपर लीक: सरकारी भर्तियों में हो रही धांधलियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन घोटालों ने उत्तराखंड की छवि को देश भर में धूमिल किया है।

  • कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा: NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड महिला अपराध में शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अब पत्रकार, पूर्व सैनिक और बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं।

  • शिक्षा और पलायन: भाजपा सरकार के कार्यकाल में 886 स्कूलों का बंद होना शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और पर्वतीय क्षेत्रों से होते पलायन का प्रमाण है।

  • उपनल कर्मचारियों का शोषण: न्यायालय के आदेशों के बावजूद राज्य सरकार उपनल कर्मियों के नियमितीकरण में हीला-हवाली कर रही है और नए बहाने खोज रही है।

  • वन्यजीव संघर्ष और नशाखोरी: ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और पहाड़ी इलाकों में खुलती नई शराब की दुकानों पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने पूछा कि क्या राजस्व के लिए सरकार के पास केवल ‘खनन और शराब’ ही विकल्प बचे हैं?

  • महंगाई और पर्यटन: चारधाम यात्रा से पहले घरेलू गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को भारी चोट पहुँच रही है।

मैं केवल एक पोस्टमैन की भूमिका में हूँ। ये सवाल मेरे निजी नहीं बल्कि उत्तराखंड की जनता के हैं। मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस अपना दायित्व निभाते हुए जनता की आवाज प्रधानमंत्री तक पहुँचा रही है।”गणेश गोदियाल, अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस

प्रेस वार्ता का संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्षा ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रवक्ता राजेश चमोली एवं अभिनव थापर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।