राजनीति

उत्तराखंड कांग्रेस ने 16 फरवरी के राजभवन कूच को लेकर शुरू की तैयारियां

देहरादून, 10 फरवरी। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, चकराता विधायक तथा कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन कूच के संबंध में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की। बैठक में रायपुर, राजपुर, मसूरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की भी उपस्थिति रही। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नेतृत्व को आश्वस्त किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोगों को राजभवन कूच से जोड़ने का प्रयास करेंगे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल होने के नाते, जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, रोजगार, किसानों की स्थिति, प्रशासनिक पारदर्शिता और संसाधनों के प्रबंधन जैसे विषयों पर जनता के बीच व्यापक चर्चा हो रही है और इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखेगी।
उन्होंने भूमि आवंटन और सरकारी संपत्तियों से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर स्पष्टता और पारदर्शिता आवश्यक है। प्रीतम सिंह ने यह भी कहा कि सरकार को ऐसे सभी मामलों पर तथ्यात्मक स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार का भ्रम न रहे।
सरकारी ठेकों से जुड़े एक प्रश्न का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में निर्णय लेते समय अतिरिक्त सावधानी और पारदर्शिता अपेक्षित होती है। कांग्रेस का मानना है कि इन विषयों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वे प्रदेशभर में भ्रमण कर 16 फरवरी के राजभवन कूच के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज़ रखने का माध्यम होगा।
बैठक में संजय शर्मा, लालचंद शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, सूरत सिंह नेगी, सुशांत बोरा, महेंद्र नेगी, नवीन जोशी, वीरेंद्र पोखरियाल, मदनलाल, सोनिया आनंद रावत, शिवानी थपलियाल, मोहन काला, रितेश छेत्री सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!