Front Page

ठण्ड की चपेट में उत्तराखण्ड: अल्मोड़ा सबसे ठण्डा शहर

 

By-Usha Rawat
देहरादून, 11 जनवरी। हिमालयी राज्य उत्तराखण्ड में अगले सोमवार 15 जनवरी तक बारिश की संभावना तो नहीं मगर कोरी ठंड का प्रकोप और अधिक बढ़ने का पूर्वानुमान अवश्य है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अल्मोड़ा जैसे नगरों में न्यूनतम् तापमान शून्य डिग्री सेल्शियस तक गिरने की संभावना है।


राज्य मौसम केन्द्र की वेबसाइट पर उपलब्ध मौसम पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगामी 15 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है लेकिन मैदानी जिलों में घनघोर कोहरा और पहाड़ी जिलों में काफी पाला पड़ने की संभावना प्रकट की गयी है।

प्रदेश की राजधानी देहरादून में गुरुवार को न्यूनतम् तापमान 7 डिग्री सेल्शियस रहा। अगामी 13 और 14 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्शियस तक रहने का अनुमान है। लेकिन उसके बाद फिर तापमान गिर कर 7 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। टिहरी में आज न्यूनतम् तापमान 4 डिग्री सेल्शियस रहा और 13 तथा 14 जनवरी को छोड कर पुनः तापमान 4 डिग्री तक आ जाने का अनुमान है। इसी प्रकार अल्मोड़ा में आज का न्यूनतम् तापमान 2 डिग्री सेल्शियस रहा और 13 तथा 14 जनवरी को थोड़ा सुधार के बाद 16 को 1 डिग्री तथा 17 जनवरी को शून्य डिग्री रहने का अनुमान है। मुक्तेश्वर में भी न्यूनतम् तापमान 13 और 14 जनवरी को छोड़ कर 3 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान है। पंतनगर में भी आज का न्यूनतम् तापमान 4 डिग्री सेल्शियस रहा लेकिन आने वाले समय में वहां 9 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!