राजनीति

एपस्टीन फाइल से जुड़ी खबरों को लेकर उत्तराखंड महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

देहरादून, 2 मार्च। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम कथित रूप से “एपस्टीन फाइल” से जुड़ी खबरों में सामने आने के संदर्भ में प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से गांधी पार्क–घंटाघर–पल्टन बाजार होते हुए तहसील चौक तक मार्च निकाला और पुनः कार्यालय लौटे।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन में एकत्रित हुईं। इसके बाद वे शांतिपूर्ण ढंग से मार्च करते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े संदेशों वाली विशेष पोशाक पहनकर अपनी बात रखी।

इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि मीडिया में चल रही खबरें गंभीर प्रकृति की हैं और यदि किसी भी सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति का नाम ऐसे किसी प्रकरण में सामने आता है, तो तथ्यों की स्पष्टता आवश्यक हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए, ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।

प्रदेश महिला कांग्रेस ने मांग की कि मामले की स्वतंत्र जांच सुनिश्चित की जाए और जांच पूरी होने तक नैतिक आधार पर केंद्रीय मंत्री अपने पद से इस्तीफे पर विचार करें। साथ ही केंद्र सरकार से संसद और देश की जनता के समक्ष इस विषय पर स्पष्ट वक्तव्य देने का आग्रह किया गया।

रौतेला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है तथा जनप्रतिनिधियों को किसी भी प्रकार के संदेह से परे रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को तथ्यात्मक जानकारी मिलना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो सके।

प्रदर्शन मार्च में महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवारी, देवेंद्र कौर, रेखा ढींगरा, भावना, जिलाध्यक्ष टिहरी आशा रावत, शिवानी थपलियाल, उमा पंवार, अनीता सकलानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!