Front Page

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती: धूमधाम से मनाने की तैयारियाँ शुरू

 

देहरादून, 31 अक्टूबर।  उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष को पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाने की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर विभिन्न विभाग अपने स्तर से विशेष कार्यक्रम और जनकल्याणकारी पहलें कर रहे हैं, जिनमें जनजागरूकता अभियान एवं शिविरों का आयोजन प्रमुख रूप से शामिल है। राज्य सरकार का लक्ष्य रजत जयंती समारोह को जनभागीदारी से सार्थक बनाना है।

इसी क्रम में साइबर कोषागार, देहरादून में 3 नवंबर  से 9 नवंबर तक पेंशन जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 3 नवंबर को पेंशन स्वीकृति एवं पारिवारिक पेंशन प्रारंभ करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 4 नवंबर को पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र को डिजिटल माध्यम से जमा करने संबंधी जानकारी, जागरूकता एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

5 नवंबर को पेंशनरों को आयकर संबंधी जानकारी दी जाएगी तथा 6 नवंबर को राज्य स्वास्थ्य योजना एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पेंशनरों हेतु निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन होगा। 7 नवंबर को पुलिस विभाग एवं बैंकों के सहयोग से कार्मिकों/पेंशनरों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा पेंशनरों हेतु पेंशन हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा।

साइबर कोषागार, देहरादून में 8 नवंबर को 80 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों के जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की ‘डोरस्टेप’ सुविधा प्रदान करने संबंधी चर्चा आयोजित होगी। 9 नवंबर को जनपद स्तर पर कार्यरत विभिन्न आहरण-वितरण अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न देयकों एवं पेंशन प्रपत्रों में पाई जाने वाली कमियों/त्रुटियों के संबंध में चर्चा एवं समाधान किया जाएगा।

राज्य स्थापना की रजत जयंती पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में कौशल एवं रोजगार महोत्सव, 2025 का आयोजन 6 नवंबर 2025 को जनपद देहरादून के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (युवक), निरंजनपुर, माजरा में प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश भर से हजारों युवा भाग लेंगे। महोत्सव में सैक्टरियल पंडाल एवं विभागीय प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा।

सैक्टरियल पंडालों में उद्योग विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, पर्यटन विभाग, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग, उद्यान विभाग तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इन पंडालों में विभागों की विशेष उपलब्धियों के बारे में युवाओं को बताया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं को आमंत्रित कर युवाओं को प्रेरित किया जाएगा।

विभागीय प्रदर्शनी में राज्य सरकार के सभी विभाग अपनी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियाँ लगाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं लघु अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!