क्षेत्रीय समाचार

बरसात से पहले दीवाल निर्माण की मांग, नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

थराली/देवाल (हरेंद्र बिष्ट)। थराली–देवाल–मुंदोली–वांण राजमार्ग के किलोमीटर 28 पर हरनी स्थित बगड़ीगाड़ में तीन वर्ष पूर्व क्षतिग्रस्त हुई मोटर सड़क पर बरसात से पहले सुरक्षात्मक दिवाल (रिटेनिंग वॉल) निर्माण की मांग को लेकर मुंदोली क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी

ज्ञापन में बताया गया है कि बगड़ीगाड़ में सड़क तीन वर्ष पूर्व टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से हर बरसात में यह मार्ग कई-कई दिनों तक अवरुद्ध रहता है, जिससे क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थितियों में मरीजों, छात्रों और दैनिक आवश्यकताओं की आवाजाही भी बाधित हो जाती है।

ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि यही सड़क श्री नंदा देवी राजजात यात्रा का एकमात्र मार्ग है। इसके अलावा लाटूधाम वांण तथा प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों भैकलताल, ब्रह्मताल और झलताल तक पहुंचने का भी यही मुख्य रास्ता है। सड़क के बार-बार अवरुद्ध होने से पर्यटन गतिविधियों पर सीधा नकारात्मक असर पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि आगामी बरसात से पूर्व क्षतिग्रस्त स्थल पर आवश्यक दिवालों का निर्माण कर सड़क को सुरक्षित किया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

ज्ञापन पर हरनी की ग्राम प्रधान रीता पांडे, सुय्या की पुष्पा देवी, धूराधारकोट लग्गा सुय्या के वीर सिंह, बानुड़ी की आनंदी देवी, वांण की नंदुली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य ल्वाणी-हरनी की पारी देवी, वांण की हेमा देवी, बांक की लक्ष्मी देवी, हरनी के पूर्व प्रधान गंगा सिंह सुयाल, ल्वाणी के मान सिंह बिष्ट, लोहाजंग व्यापार संघ अध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह पुजारी तथा पूर्व विधायक स्व. शेर सिंह दानू मेला समिति अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!