क्षेत्रीय समाचार

पोखरी की वन पंचायत के जंगल में लगी आग ग्रामीणों ने बुझायी

पोखरी, 26 फरवरी (राणा)। विकासखंड पोखरी अंतर्गत वन पंचायत चमेठी की सिविल भूमि में गुरुवार दोपहर बाद अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज़ी से फैलने लगीं, जिससे वन संपदा को नुकसान पहुंचा। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आग पास स्थित ग्रामीणों की गौशालाओं तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी तथा अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग पोखरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी बी.एल. शाह वन कर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों रेंजों की टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाने के लिए मोर्चा संभाला।
चमेठी गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और वन विभाग के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों और वन कर्मियों ने जान जोखिम में डालते हुए कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। उनकी तत्परता से वन क्षेत्र में और अधिक नुकसान होने से बचाव हो गया।
अभियान में वन दरोगा आनंद सिंह रावत, वन आरक्षी उमेद सिंह नेगी, विनोद लाल, दिनेश राणा, भूपेंद्र, रोहित, मुकेश, आर्यन, नरेश, दरवान सिंह, राजेंद्र पंत और परशुराम पंत समेत अन्य वन कर्मियों व ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन क्षेत्रों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, ताकि प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!