क्षेत्रीय समाचार

श्रीगढ़ पाइप लाइन विवाद का समाधान, जल्द बहाल होगी पेयजल आपूर्ति

पोखरी, 24 मार्च (राणा)। श्रीगढ़ गांव में पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की पाइप लाइन फटने से उत्पन्न विवाद का समाधान विभाग और ग्रामीणों के बीच लिखित समझौते के बाद हो गया है। इसके बाद पोखरी बाजार, नगर पंचायत क्षेत्र तथा आसपास के गांवों में जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च की देर रात गांव के बीच से गुजर रही पाइप लाइन अत्यधिक दबाव के कारण अचानक फट गई थी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पाइप लाइन को गांव के बीच से हटाने की मांग करते हुए मरम्मत कार्य रुकवा दिया था। इसके चलते पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया था। अगले दिन जल संस्थान और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के अड़े रहने के कारण कोई समाधान नहीं निकल सका और टीम को वापस लौटना पड़ा।
मंगलवार को एक बार फिर विभागीय अधिकारियों और प्रशासनिक टीम ने श्रीगढ़ गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ वार्ता की। दिनभर चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। समझौते के तहत 10 जून से पहले पाइप लाइन को गांव के बाहर शिफ्ट किया जाएगा। तब तक सुरक्षा के दृष्टिगत जल संस्थान एक व्यक्ति की तैनाती करेगा। साथ ही, नई पाइप लाइन बिछने के एक माह के भीतर पुरानी लाइन को गांव के मध्य से हटा दिया जाएगा।
इसके अलावा, पाइप फटने से क्षतिग्रस्त रास्तों के पुनर्निर्माण और प्रभावित घरों की मरम्मत का जिम्मा भी विभाग ने लिया है। भविष्य में होने वाले किसी भी नुकसान की भरपाई भी जल संस्थान द्वारा की जाएगी।
समझौते के बाद विभाग ने पाइप लाइन जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया है, जिससे जल्द ही क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा ने बताया कि ग्रामीणों की सहमति से कार्य तेजी से किया जा रहा है और शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार सैनी, सहायक अभियंता जगदीश पंवार, अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, ग्राम प्रधान कल्पना देवी, महिला मंगल दल की अध्यक्षा रंजनी देवी, मधु देवी, सरिता देवी, सौरभ बर्तवाल, कै. रमेश सिंह बर्त्वाल, संदीप बर्त्वाल, बरदेई देवी, संतोषी देवी, उर्मिला देवी, शांति देवी, रुचिता देवी, नीलम देवी, अनीता देवी, नीमा देवी, लीला देवी, यशोदा देवी, दीपा देवी सहित अनेक ग्रामीण और राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!