औली में विंटर कार्निवाल–2026 का भव्य आगाज़
उत्तराखंड को वैश्विक शीतकालीन पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में अहम पहल

–प्रकाश कपरुवाण की रिपोर्ट-
औली (चमोली), 13 फरवरी। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को हिमालय की मनोरम वादियों में आयोजित विंटर कार्निवाल–2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि औली जैसे प्राकृतिक रूप से समृद्ध स्थल पर आप सभी के बीच उपस्थित होना उनके लिए हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट संकल्प के चलते उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल संभव हो सकी है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक पर्यटन की असीम संभावनाओं का अनूठा संगम है। समुद्र तल से लगभग 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली, अपने विस्तृत बर्फीले ढलानों, ओक और देवदार के घने वनों तथा नंदा देवी, कामेट और माना जैसे हिमालयी शिखरों के मनोहारी दृश्यों के कारण देश का प्रमुख विंटर डेस्टिनेशन बन चुका है। यहां की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की शीतकालीन प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श बनाती है।

उन्होंने बताया कि 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस विंटर कार्निवाल में स्कीइंग, साहसिक खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोककलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। यह आयोजन न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को इससे विशेष बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि औली को एक स्थायी विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में पहचान दिलाना है।
सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार स्तंभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन पर्यटन को वर्षभर के पर्यटन चक्र में शामिल कर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में संतुलित और सतत विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की भावना को भी मजबूती प्रदान करेगी।
पर्यटन मंत्री ने विंटर कार्निवाल के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि औली विंटर कार्निवाल–2026 उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीतकालीन पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औली में विंटर कार्निवाल का आयोजन अब प्रतिवर्ष किया जाएगा।
उन्होंने आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के सहयोग से सूर्य देवभूमि चैलेंज आयोजित करने का प्रस्ताव है, जिसके अंतर्गत हेलंग से उर्गम, रुद्रनाथ, मंडल होते हुए उखीमठ तक कुल 91 किलोमीटर की ट्रेल आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की सफलता के बाद 31 मई को जनपद चमोली की नीति घाटी में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन आयोजित किया जाएगा। इसमें रिमखिम से नीति होकर मलारी तक 75 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन और मलारी से नीति होकर मलारी तक 42 किलोमीटर की मैराथन प्रस्तावित है, जिसमें विदेशी प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि जून 2026 में भारतीय सेना के साथ मिलकर बद्रीनाथ और माणा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल के द्वितीय संस्करण का आयोजन प्रस्तावित है। वहीं, 1980 के दशक में कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आयोजित होने वाली प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली को वर्ष 2026 में पुनः शुरू करने की योजना है। पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए हाल ही में आयोजित एक्रो फेस्टिवल को भी अब कैलेंडर इवेंट के रूप में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे का निर्माण कार्य इस वर्ष शुरू किए जाने का प्रस्ताव है, जिससे दोनों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही औली स्थित रोपवे की शीघ्र मरम्मत की जाएगी, जिसके लिए तकनीकी टीम जोशीमठ पहुंच चुकी है।
विंटर कार्निवाल के दौरान स्कीइंग, साहसिक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। ज्योतिर्मठ के पौराणिक लाटा लोक सांस्कृतिक दल द्वारा मां नंदा देवी डोली का मंचन विशेष रूप से सराहा गया।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जोशीमठ नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
