Front Pageखेल/मनोरंजन

औली में 13–16 फरबरी तक नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप व विंटर कार्निवाल

13 राज्यों सहित सेना व अर्धसैनिक बलों की भागीदारी

-औली-हिमालय से प्रकाश कपरुवाण—
विश्व विख्यात हिमक्रीड़ा केंद्र औली में 13 से 16 फरवरी तक नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप एवं औली विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश के 13 राज्यों की टीमों के साथ-साथ भारतीय सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमें भी प्रतिभाग करेंगी।
शीतकालीन क्रीड़ा केंद्र औली में पूर्व में कई बार राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिताओं, औली महोत्सव तथा सैफ विंटर गेम्स का सफल आयोजन हो चुका है। इस वर्ष भी औली की विश्वस्तरीय और आकर्षक स्कीइंग स्लोप पर विभिन्न राज्यों के स्की खिलाड़ी तथा सुरक्षा बलों के खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन के लिए नंदा देवी स्कीइंग स्लोप के साथ ही रोपवे के टावर नंबर-10 स्थित स्कीइंग स्लोप पर पर्याप्त बर्फ उपलब्ध है। प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को तकनीकी टीम द्वारा दोनों स्लोप का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप एवं औली विंटर कार्निवाल को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक 13 राज्यों के साथ सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमों से प्रतिभाग की पुष्टि प्राप्त हो चुकी है।
प्रतिभाग की सूचना जिन राज्यों से मिली है, उनमें महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख, ओडिशा, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तराखंड, गुजरात, पंजाब और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की टीमें औली के लिए प्रस्थान भी कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!