Front Pageखेल/मनोरंजन

औली में 12 से 26 फरवरी तक होगा औली विंटर कार्निवल एवं नेशनल विंटर गेम्स

औली/ज्योतिर्मठ (कपरूवाण)। विश्व विख्यात हिम क्रीड़ा स्थल औली में इस वर्ष 12 से 26 फरवरी तक औली विंटर कार्निवल एवं नेशनल विंटर गेम्स–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के अंतर्गत अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग एवं नॉर्डिक स्कीइंग की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।
औली विंटर कार्निवल केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से शीतकालीन पर्यटन, स्थानीय संस्कृति तथा साहसिक खेलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आयोजन से क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन गतिविधियों तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा आयोजन को लेकर सभी संबंधित राज्यों, खेल संघों एवं प्रतिभागियों को सूचना दे दी गई है, ताकि वे निर्धारित समय के अनुसार अपनी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर सकें। आयोजन से संबंधित औपचारिक आमंत्रण पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
वहीं विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, जीएमवीएन एवं उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित संस्थाओं, खिलाड़ियों एवं अन्य हितधारकों से सहयोग की अपेक्षा जताई है।
इधर, औली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिताओं को लेकर विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा स्की, स्नोबोर्ड एवं स्की माउंटेनियरिंग स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल आयोजित किए गए। ये ट्रायल आगामी खेलो इंडिया एवं नेशनल गेम्स को ध्यान में रखते हुए आयोजित किए गए, जिनमें पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का टाइम ट्रायल लिया गया, जिसके आधार पर उनकी रैंकिंग निर्धारित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी खेलो इंडिया एवं नेशनल गेम्स में उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!