रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जिला स्तरीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू

-गौचर से दिग्पाल गुसाईं –
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट के साथ माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का शानदार आगाज हो गया है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल ने प्रतियोगिता का झंडा फहराकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पठन पाठन के साथ ही छात्र जीवन में खेलों के छेत्र में आगे बढ़ने की प्रथम सीढ़ी होती है। इसलिए खेलों में भी बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करना चाहिए।
पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट ने कहा कि गौचर का खेल मैदान जनपद के खिलाड़ियों के लिए बरदान साबित हो रहा। इसी मैदान में खेलकर कई खिलाड़ियों ने जनपद का ही नहीं बल्कि प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। उन्होंने आयोजकों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन खेले गए अंडर 19 छात्रा वर्ग के 200 मी दौड़ में दशोली की नेहा ने प्रथम, नारायणबगड़ की नीलम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में कर्णप्रयाग के दीपक चौधरी ने प्रथम कर्णप्रयाग के ही पीयूष डिमरी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
गोला-फेंक में गैरसैण के पंकज ने प्रथम तथा देवाल के विक्रम सिंह द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 800 मी दौड़ में थराली के दिनेश सिंह व गैरसैण के प्रणय रावत ने क्रमशः प्रथम द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 1500 मी दौड़ में गैरसैण के मनीष सिंह प्रथम तथा देवाल के प्रदीप ने द्वितीय स्थान पाया,3000 मी दौड़ में गैरसैण के मनीष ने प्रथम स्थान हासिल किया।
गैरसैण के ही दिव्यांशु को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। इस अवसर पर जिला योजना समिति के सदस्य अनिल नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला, सीमा सड़क संगठन की 66 इकाई के कमान अधिकारी दिव्य विकास, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप भंडारी,ब्लाक समन्वयक जयकृत रावत, राजेंद्र नेगी, प्रदीप नेगी, सुरेंद्र सती, विनोद नेगी, के सी पंत, गोपाल सिंह, किरन नेगी, गजपाल रावत आदि मौजूद रहे।
