राम के राज्याभिषेक के साथ थराली में महिलाओं की रामलीला का समापन
-रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट-
थराली, 25 नवंबर। थराली में पहली बार नव दुर्गा महिला जागृति रामलीला समिति के बैनर तले आयोजित हुई महिला रामलीला का राम शोभा यात्रा,भरत मिलाप एवं श्री राम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया हैं।इस मौके पर आयोजन कमेटी ने सभी राम भक्तों,सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग निभाने वालों का आभार व्यक्त किया।
रामलीला के अंतिम दिन शनिवार को यहां नासीर बाजार से राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान के साथ ही अन्य की शोभा यात्रा निकाली गई जो कि अपर बाजार, संकल्प मार्केट, देवाल तिराहा, एसबीआई मार्केट, भैरव मंदिर बाजार होते हुए मुख्य बाजार थराली पहुंची जहां पर राम एवं भरत का भावपूर्ण मिलाप हुआ।
इसके बाद भरत सहित पूरी यात्रा रामलीला मैदान थराली में पहुंची जहां पर थराली नगर क्षेत्र के प्रसिद्ध व्यवसाई बलराम बहुगुणा एवं उनकी पत्नी रितु बहुगुणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए शोभा यात्रा का अन्य अतिथियों एवं राम भक्तों के साथ शोभायात्रा का भव्य रूप से स्वागत किया। इसके बाद यहां पर मंच पर श्री राम का राज्याभिषेक का मंचन किया गया।इस मौके पर भारी संख्या में राम भक्त मौजूद थे।
रामलीला के अंतिम दिन आयोजन कमेटी की अध्यक्ष मीना बिष्ट एवं कोषाध्यक्ष उमा उनियाल ने सभी लोगों का भाव पूर्वक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार महिलाओं ने सामुहिक रूप से जिस तरह से रामलीला का आयोजन किया वह काफी कठिन था। किंतु सामुहिक रूप से आयोजन बेहद सफल रहा।
इस रामलीला के डायरेक्टर विनोद चंदोला एवं बबू गुसाईं ने बताया कि इस रामलीला में राम का किरदार संजना देवराड़ी,लक्ष्मण का समीक्षा चंदोला,सीता का पूनम पांडे,रावण का उमा उनियाल, मेघनाद का अनिता गुसाईं , अंगद का तनूजा देवराड़ी किरदार निभा रही है। जबकि पूरी रामलीला में एक मात्र पुरुष हर्ष रावत हनुमान का किरदार निभाई। रामलीला के सफल आयोजन पर महेश उनियाल,प्रेम देवराड़ी,महंत रजनिशानंद गिरी ,गंगा सिंह बिष्ट आदि ने महिला रामलीला को सफल आयोजन बताते हुए कमेटी एवं सभी महिला पात्रों को बधाई दी।
