लोनिवि मिनिस्टीरियल कर्मचारियों का कार्यबहिष्कार पांचवें दिन भी जारी, कामकाज ठप
– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली, 13 फरवरी। लोक निर्माण विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर लोनिवि निर्माण खंड थराली के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों का पूर्ण कार्यबहिष्कार पांचवें दिन भी जारी रहा। हड़ताल के चलते विभाग का समस्त कामकाज ठप हो गया है, जिससे ठेकेदारों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूरे प्रदेश में चल रही लोनिवि मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों की हड़ताल के क्रम में थराली डिवीजन की मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के कर्मचारी भी लगातार धरने पर डटे हुए हैं। कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार के कारण विभागीय शासकीय कार्यों के साथ-साथ आम लोगों से जुड़े आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, ठेकेदारों के बिलों एवं अन्य प्रक्रियाओं का निस्तारण न होने से उनके कार्य भी ठप पड़े हैं।
पांचवें दिन थराली शाखा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ कर्मचारी नेता देवराज सिंह राणा, त्रिलोक सिंह नेगी, मोहन सिंह जलाल, कैलाश चंद्र, नरेंद्र सिंह, विनोद कुमार लोहन, दिनेश चंद्र देवराड़ी, कुंवर सिंह, मनीष बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी धरने पर डटे रहे।
