Front Page

राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण: ‘मेरी योजना’ पुस्तकों पर विचार गोष्ठी  आयोजित

 

देहरादून, 27 मार्च । राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा ‘मेरी योजना’ पुस्तकों के संबंध में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इन पुस्तकों में राज्य सरकार की सभी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल भाषा में संकलित किया गया है। सरकार ने इन्हें व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जनपदों और विकासखंडों में वितरित किया है, ताकि योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
कार्यक्रम में सचिव, कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग ने विभागीय कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि “सरकार जनता के द्वार”, “हमारा संकल्प–अनुशासित प्रदेश” और “हमारा संकल्प–भयमुक्त समाज” जैसे अभियानों के तहत जिलों में नियमित रूप से अधिकारियों का भ्रमण कराया जा रहा है। रोस्टर के आधार पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी गांवों में जाकर योजनाओं का निरीक्षण करते हैं और जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान सुनिश्चित करते हैं। साथ ही, अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण और अपराधों की स्थिति व उनके निस्तारण की समीक्षा भी की जाती है। मंडलायुक्त स्तर पर भी निरीक्षण टीम गठित कर योजनाओं की प्रगति पर नजर रखी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी और विशेष कार्याधिकारी भी समय-समय पर क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हैं।
विभाग द्वारा तैयार ‘मेरी योजना’ पुस्तकों की विशेषता यह है कि इनमें विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही स्थान पर सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रत्येक योजना के अंतर्गत उसका नाम, लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवेदन के बाद की कार्यवाही को विस्तार से बताया गया है, ताकि आम नागरिकों के लिए लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया सहज और पारदर्शी बन सके। इन पुस्तकों की मुद्रित प्रतियां जनप्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों, राजकीय पुस्तकालयों और जिला स्तरीय कार्यालयों को उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे जानकारी ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंच सके।
गोष्ठी में महानिदेशक सूचना श्री वशीधर तिवारी ने भी अपने संबोधन में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर उप महानिदेशक आकाशवाणी एवं दूरदर्शन श्री एस. के. मीणा, संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह, दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख श्री अनिल कुमार भारती सहित अन्य अतिथियों ने भी विचार व्यक्त किए और योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक वर्षा सिंह ने किया। परिचर्चा में दून विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं डीन श्री ममगाई, एमकेपी कॉलेज की पूर्व प्राचार्य श्रीमती किरण सूद, अमर उजाला उत्तराखंड के संपादक श्री अनूप वाजपेयी, न्यूज वायरस नेटवर्क के जनाब सलीम सैफी तथा दिव्य हिमगिरि से कुंवर राज अस्थाना सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!