स्वास्थ्य

आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा पर नागनाथ पीजी कॉलेज में कार्यशाला आयोजित

पोखरी, 17 मार्च (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में यूथ रेड क्रॉस इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को “आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा उपचार एवं सुझाव” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी की डॉ. मोहिनी ने पीपीटी के माध्यम से आपातकालीन प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पहाड़ से गिरने, साँप के काटने, जंगली जानवरों के हमले, जलने तथा गंभीर बीमारियों जैसी स्थितियों में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचार के तरीकों और आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान यूथ रेड क्रॉस इकाई की ओर से प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा, मुख्य शास्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल, आईक्यूएसी संयोजक डॉ. नन्दकिशोर चमोला, नर्सिंग अधिकारी रश्मि दुलई एवं मुख्य वक्ता डॉ. मोहिनी को बैज अलंकरण व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा यूथ रेड क्रॉस संयोजक डॉ. अंशु सिंह ने प्रस्तुत की, जबकि नर्सिंग अधिकारी रश्मि दुलई ने भी विषय से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी साझा की। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने छात्रों को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने तथा रेड क्रॉस के माध्यम से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सह-संयोजक डॉ. प्रवीण मैठाणी ने किया, जबकि अंत में डॉ. नन्दकिशोर चमोला ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!