क्षेत्रीय समाचार

इंटर्नशिप योजना पर स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में जागरूकता कार्यशाला आयोजित

पोखरी, 9 अप्रैल (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा ने की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. केवलानंद ने छात्र-छात्राओं को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट संस्थानों में इंटर्नशिप करने का अवसर प्राप्त होता है, जिससे उनके कौशल और अनुभव में वृद्धि होती है।
प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना छात्र-छात्राओं के व्यावसायिक कौशल को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी रुचि के अनुसार विषय चयन में मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे वे बेहतर संस्थानों तक पहुंच सकें।
महाविद्यालय के मुख्य शास्ता डॉ. सजीव कुमार जुयाल ने विद्यार्थियों को जीवन में संघर्ष के महत्व को समझाते हुए योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. अशु सिंह ने छात्र-छात्राओं को योजना में अधिकाधिक पंजीकरण करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. केवलानंद द्वारा किया गया। इस अवसर पर आईक्यूएसी के डॉ. नंदकिशोर चमोला, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. शशि चौहान, डॉ. रामानंद, डॉ. प्रवीण मैठाणी, डॉ. अनुपम रावत, डॉ. आयुष बर्तवाल, चन्द्रेश भट्ट सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!