भू वैकुंठ धाम बद्रीनाथ में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
बद्रीनाथ /जोशीमठ,06जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क, ग्राम विकास विभाग एवं ग्राम पंचायत मांणा के संयुक्त तत्वाधान मे भू वेकुंठ धाम बद्रीनाथ मे समारोह के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम कर विश्व के सर्वश्रेष्ठ धाम बद्रीनाथ से देश दुनिया को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
प्रकृति प्रेमी पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया की प्रेरणा से इस बार वन महकमे ने विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम के लिए श्री बद्रीनाथ एवं देश के पहले गाँव माणा की धरती को चुना।
माणा ग्राम पंचायत के धनतोली तोक मे हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम से पूर्व जागरूकता समारोह का आयोजन किया गया, जिसे सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अथिति नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के डीएफओ बी वी मर्तोलिया ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से पर्यावरण के प्रति जागरूक रहा है, यहाँ गाँव गाँव मे हरेला त्यौहार को पर्व के रूप मे मनाया जाता है, जिसे अब सरकारी स्तर पर भी बृहद रूप दिया गया है। उन्होंने पौधा रोपण के बाद हर पौधे की देखभाल करने का आवाहन किया।
अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग एवं बद्रीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि ग्लोबल वार्मिग के असर से अब उत्तराखंड भी अछूता नहीं रह गया है,ग्ल्येशियर पिघलते रहे तो आने वाली पीड़ीयों को भी खतरा उत्पन्न होगा, उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस पर पेड़ लगाने के साथ साथ उसे बचाने का भी संकल्प लेना होगा, एक एक पौधे की देखभाल बच्चे की तरह करनी है।
श्री दुबे ने कहा कि पौधों को थोड़ा आपका स्नेह चाहिए जैसे ही वह बड़ा होगा जीवन भर सुख देगा।
समारोह को सम्बोधित करते हुए वीडीओ मोहन जोशी ने कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश पूरे विश्व को जाएगा, हिमायलय का पर्यावरण बचेगा तो देश भी सुरक्षित रहेगा, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीती माणा घाटियों के भोज पत्र की न केवल सराहना की बल्कि मन की बात कार्यक्रम मे भी भोज पत्र का जिक्र कर इसके संरक्षण व सम्बर्धन का सन्देश दिया।
श्री जोशी ने पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को जन जन तक पहुंचाने वाले पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया का आभार ब्यक्त किया।
माणा के प्रधान पीताम्बर सिंह मोलपा ने कहा कि देश के पहले गाँव माणा मे भी विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन बद्रीनाथ-माणा क्षेत्र मे नेपाली मजदूर ही प्रकृति का दोहन कर रहे हैं, उन्होंने नमामि गंगे प्रोजेक्ट मे भी देश के पहले गाँव माणा की उपेक्षा का आरोप लगाया।
आईटीबीपी के डिप्टी कमाडेंट प्रयाग दत्त बलोधी एवं वन पंचायत सरपंच रघुबीर सिंह परमार ने भी समारोह को सम्बोधित किया।
पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया ने विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम मे पहुंचे सभी अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार ब्यक्त किया। इससे पूर्व महिला मंगल दल अध्यक्ष रीना रावत ने अथितियों का वैज अलंकरण किया।
बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने पौधारोपण कर वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर फूलों की घाटी रेंज की रेंज आफिसर चेतना कांडपाल, अलकनंदा रेंज के आर ओ भरत सिंह नेगी, डिप्टी रेंजर दर्शन सिंह नेगी व सैन सिंह रावत व वन दरोगा हीरा सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।