क्षेत्रीय समाचार

नागनाथ कॉलेज के एनएसएस शिविर का चौथा दिन: योगाभ्यास के साथ चला स्वच्छता अभियान

पोखरी, 27 मार्च (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ, पोखरी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया। शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत विशालखाल में किया जा रहा है।

चौथे दिन की शुरुआत प्रातः योगाभ्यास एवं विभिन्न योग क्रियाओं के साथ हुई। योग सत्र का संचालन महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक दिनेश सिंह नेगी ने किया। इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने ग्राम विशालखाल के मार्गों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय विशालखाल के मैदान में श्रमदान कर मिट्टी को समतल किया।


बौद्धिक सत्र में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से आए संदर्भदाता नवीन सिंह एवं डॉ. मिथिलेश तोपाल ने खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवियों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने पर्यावरण, शिक्षा, प्रवजन और सोशल मीडिया जैसे समसामयिक विषयों पर लघु नाटकों का मंचन कर जागरूकता फैलायी।
सत्र के अंतर्गत ‘संविधान एवं उसकी प्रस्तावना’ विषय पर पोस्टर प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेवियों ने संविधान निर्माण प्रक्रिया, संविधान सभा तथा प्रारूप समिति के सदस्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही लैंगिक असमानता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों ने चेतना गीत प्रस्तुत कर सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया। कौशल विकास सत्र में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एनएसएस विशेष शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरती रावत के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. अनुपम रावत, डॉ. केवलानंद, दीपक सिंह, सतीश प्रसाद चमोला, विजयपाल लाल सहित अनेक शिविरार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!