Front Pageक्राइम

कर्णप्रयाग में निहंगों का तांडव, तलवारों से चार लोग घायल; विरोध में बदरीनाथ हाईवे तीन घंटे जाम

 

कर्णप्रयाग, 16 जून ( दिगपाल गुसाई)। हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे चार निहंग सिखों द्वारा मंगलवार को कर्णप्रयाग में तलवारें लहराकर स्थानीय लोगों पर हमला किए जाने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना में चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जबकि एक निहंग भी चोटिल हुआ। आक्रोशित लोगों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे गौचर से नंदप्रयाग तक करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों परेशान रहे। पुलिस ने चारों आरोपित निहंगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना बदरीनाथ हाईवे पर एसबीआई शाखा के निकट पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर दूरी पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। स्थानीय होटल संचालक प्रकाश रावत अपने होटल के सामने बाइक खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान पहले से वहां खड़े चार निहंगों के वाहन से उनकी बाइक छू गई। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर निहंगों ने तलवारें निकाल लीं। स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो निहंगों ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में प्रकाश रावत गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नैनीसैंण-कंडारा निवासी गजपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह कंडारी और हरेंद्र सिंह पंवार भी घायल हुए। लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावर तलवारें लहराते रहे। घटना के बाद तीन निहंग बाइक से गौचर की ओर भाग निकले, जबकि एक घायल निहंग मौके पर ही रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और आरोपितों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बदरीनाथ हाईवे जाम कर दिया। जाम के कारण गौचर से नंदप्रयाग तक जगह-जगह वाहन फंस गए। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और चमोली जिले के विभिन्न क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देहरादून, श्रीनगर और ऋषिकेश रेफर किए जा रहे मरीजों तथा उनके तीमारदारों को भी कठिनाइयों से गुजरना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार आने वाले लोगों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा।
सूचना पर जिलाधिकारी हिमांशु खुराना और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नंदप्रयाग, चमोली और गौचर सहित विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर यातायात नियंत्रित किया।
घायलों को उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रकाश रावत को हेलीकॉप्टर से दून अस्पताल देहरादून भेजा गया। वहीं पैर में चोट लगने से घायल मोहाली (पंजाब) निवासी निहंग मनप्रीत सिंह का भी उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मोहाली निवासी जसमीत सिंह, अजय सिंह, सतवीर सिंह और मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस बीच गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने श्रद्धालुओं से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म की रक्षा के लिए है, दुरुपयोग के लिए नहीं। ट्रस्ट ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान मर्यादित और अनुशासित आचरण बनाए रखने की अपील भी की।
घटना के बाद कर्णप्रयाग क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!