पीपलकोटी में मुख्यमंत्री ने दी 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता, दिसंबर में पहली किस्त; तीन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा

गोपेश्वर, 17 नवंबर (महिपाल गुसाईं)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में 149.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रस्तावित बैणी-भुली योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी करने की घोषणा की। इस योजना से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने तीन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की भी घोषणा की।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री का पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करने के साथ महिलाओं के बीच सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरे से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी सहयोगी महिलाओं के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री के अनुसार बैणी-भुली योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार और बारहवीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। पिछले चार वर्षों में चमोली के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक गरीब परिवारों की महिलाओं को तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण किया। प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी तथा थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली-गुडम नैल, पोखरी-हरिशंकर-थैलीथाला और जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्गों का निर्माण शामिल है। इनमें नंदा देवी राजजात यात्रा से संबंधित सड़क परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।
लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर की कार्यशाला, गौचर और उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयां, बगना में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन तथा पोखरी, देवाल, नंदासैंण, थराली और नारायणबगड़ के शिक्षण संस्थानों में प्रयोगशालाएं एवं अन्य सुविधाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण के लिए उत्तरा देवी और मीना देवी, मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी तथा बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी सहित अनेक महिलाओं को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में निशा और स्वाति बड़वाल तथा स्वरोजगार में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली लखपति दीदियों को भी सम्मान मिला। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

