Front Pageक्राइम

दिल्ली में 22 किलो कोकीन जब्त, चेन्नई बंदरगाह पर 12.87 टन लाल चंदन पकड़ा

डीआरआई की दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक विदेशी महिला सहित चार लोग गिरफ्तार; कोकीन राजनयिक खेप के नाम पर लाई गई थी, लाल चंदन मलेशिया भेजने की तैयारी थी

डीआरआई की दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक विदेशी महिला सहित चार लोग गिरफ्तार; कोकीन राजनयिक खेप के नाम पर लाई गई थी, लाल चंदन मलेशिया भेजने की तैयारी थी

 

नई दिल्ली, 12 नवंबर। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मादक पदार्थों और वन्यजीव तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 22 किलो कोकीन और 12.87 मीट्रिक टन लाल चंदन जब्त किया है। दिल्ली में सिएरा लियोन से आई एक विदेशी महिला को कोकीन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि चेन्नई बंदरगाह पर लाल चंदन की तस्करी के मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया।

दिल्ली में डीआरआई अधिकारियों ने खुफिया सूचना के आधार पर सिएरा लियोन से आई महिला यात्री की जांच की। महिला ने खुद को राजनयिक कूरियर बताया था। उसके पास बड़े ब्रीफकेस जैसे बॉक्स पर ‘डिप्लोमैटिक मेल’ और ‘प्राधिकरण के बिना न खोलें’ जैसे चिह्न लगे थे। उसने दस्तावेज भी दिखाए, जिनमें खेप को संयुक्त राष्ट्र के राजनयिक कूरियर से संबंधित बताया गया था। डीआरआई के अनुसार, दस्तावेज प्रथम दृष्टया जाली थे और उनका उद्देश्य सुरक्षा जांच से बचना था।

नियमित प्रक्रिया के तहत बॉक्स की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की कई परतों में छिपाए गए 22 पैकेट मिले। उनमें सफेद, ईंटनुमा पदार्थ था, जिसकी मौके पर जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। कुल 22 किलो कोकीन को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत जब्त किया गया। महिला को इसी कानून के तहत गिरफ्तार कर सक्षम अदालत में पेश किया गया।

दूसरी कार्रवाई में डीआरआई ने चेन्नई बंदरगाह पर मलेशिया भेजे जा रहे एक निर्यात कंटेनर को जहाज पर लादे जाने से पहले रोक लिया। 9 और 10 नवंबर को की गई जांच में कंटेनर से 12.87 मीट्रिक टन उच्च गुणवत्ता वाला लाल चंदन बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 7.72 करोड़ रुपये आंकी गई है। दस्तावेजों में कंटेनर में ‘पेपर लैमिनेट रोल’ होने की जानकारी दी गई थी। लकड़ी को थोड़ी मात्रा में घोषित माल और बजरी के बीच छिपाया गया था।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, चेन्नई स्थित गिरोह ने निर्माता-निर्यातक को उपलब्ध स्व-सीलिंग सुविधा का दुरुपयोग किया। निर्यात के लिए तैयार कंटेनर को निजी गोदाम ले जाकर उसमें रखे पेपर लैमिनेट रोल हटाए गए और उनकी जगह लाल चंदन की लकड़ियां भरी गईं। गोदाम की तलाशी में मूल घोषित माल, औद्योगिक तौल मशीन और लाल चंदन के अवशेष मिले। इस मामले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरोह के तीन प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

लाल चंदन (टेरोकार्पस सैंटालिनस) सीआईटीईएस के परिशिष्ट-दो और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची चार में सूचीबद्ध संरक्षित प्रजाति है। भारत की विदेश व्यापार नीति के तहत इसका निर्यात प्रतिबंधित है।

डीआरआई ने कहा कि दोनों कार्रवाइयां तस्करी के नए तरीकों और वैध सुविधाओं के दुरुपयोग को उजागर करती हैं। एजेंसी ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!