Front Page

कॉर्बेट में महिलाओं के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का होगा पंजीकरण, कालाढूंगी को मिनी स्टेडियम और उन्नत अस्पताल की सौगात

कालाढूंगी, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण, मिनी स्टेडियम का निर्माण और कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित भी किया।

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की महिलाओं ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खेती, पशुपालन, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र में 200 विद्युत पोल लगाने, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क निर्माण तथा गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग के चौड़ीकरण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय आबादी को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विशेष रूप से पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण महिलाओं की पर्यटन आधारित आजीविका बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए स्थापित ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं। इस ब्रांड के माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना भी महिलाओं की आय बढ़ाने में सहायक बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा बारहवीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

समारोह में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!