सुरक्षा

अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस का राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान 4 अक्टूबर से 

 

देहरादून, 3 अक्टूबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के नेतृत्व में भाजपा सरकार की अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस पार्टी 4 अक्टूबर 2025 से राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान आंदोलन शुरू कर रही है।

पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने बताया कि इस जनआंदोलन का शुभारंभ 4 अक्टूबर को कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून से किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा प्रातः 11 बजे हस्ताक्षर यात्रा दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यात्रा के पहले चरण में गढ़वाल मंडल के कोटद्वार, लैंसडौन, दुगड्डा, बुवाखाल, सतपुली, पौड़ी और श्रीनगर तक जनसंपर्क व हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, विशेषकर राष्ट्र की सुरक्षा और उत्तराखंड के युवाओं के रोजगार को प्रभावित करने वाली अग्निपथ योजना के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता फैलाई जाएगी।

कर्नल नेगी ने बताया कि इस अभियान की कमान पूर्व सैनिक विभाग के पदाधिकारी संभालेंगे। यात्रा दल में प्रदेश उपाध्यक्ष (प्रशासन और कार्यालय) सूबेदार गोपाल सिंह गड़िया, हवलदार बलबीर सिंह पंवार, नायब सूबेदार राजपाल सिंह रावत और नवीन खत्री शामिल होंगे।

उन्होंने प्रदेश के सभी पूर्व सैनिक विभाग पदाधिकारियों से आह्वान किया है कि वे आंदोलन की शुरुआत पर उपस्थित होकर अभियान में शामिल पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!