खेल/मनोरंजनब्लॉग

57th IFFI • Day 8 ‘पारो: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ब्राइड स्लेवरी’ में दुल्हन तस्करी के जाल में फंसी महिलाओं की दुर्दशा को दर्शाया गया

Paro: The Untold Story of Bride Slavery, featured in the Indian Panorama section of the 57th  International Film Festival of India (IFFI), brings to light the disturbing and largely under-reported practice of buying and selling women as brides, particularly in Mewat, Haryana. The term ‘Paro’ is used in the region to refer to women who are bought or sold into marriage

 

 – A PIB FILM FEATURE-

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के भारतीय पैनोरमा खंड में प्रदर्शित फिल्म ‘पारो: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ब्राइड स्लेवरी’ महिलाओं को दुल्हन के रूप में खरीदने और बेचने की चिंताजनक तथा बड़े पैमाने पर चर्चा से बाहर रही प्रथा को उजागर करती है। यह प्रथा विशेष रूप से हरियाणा के मेवात क्षेत्र में प्रचलित है। इस क्षेत्र में शादी के लिए खरीदें या बेचें जाने वाले महिलाओं के लिए ‘पारो’ शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।

एक संवाददाता सम्मेलन में अभिनेत्री और निर्माता तृप्ति भोइर ने बताया कि इस फिल्म को बनाने के लिए उन्होंने साढ़े चार वर्षों तक शोध किया है। यह उनकी दूसरी फिल्म है जिसने ऑस्कर की सूची में स्थान बनाया है। इस फिल्म के बनने की अनूठी रचनात्मक यात्रा में तृप्ति भोइर ने निर्माता, पटकथा लेखिका और मुख्य अभिनेत्री की तीनों जिम्मेदारियां स्वयं निभाई हैं।

फिल्म निर्माण की राह में चुनौतीपूर्ण शोध

इस फिल्म को बनाने का विचार तृप्ति भोइर को भारत में दुल्हन के रूप में महिलाओं की खरीद-फरोख्त और उन्हें गुलामी में धकेलने की प्रथा पर आधारित वृत्तचित्रों और मीडिया रिपोर्टों देखने के बाद आया। महिलाओं के मुद्दों और अधिकारों पर केंद्रित फिल्मों के लिए जानी जाने वाली तृप्ति इस प्रथा की भयावह वास्तविकताओं से बेहद विचलित हुईं।

एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) की मदद से भोइर और उनकी मां पत्रकारों के रूप में गांवों में गईं। वहां उन्होंने दुल्हन के रूप में खरीदी-बेची गईं लगभग 62-63 महिलाओं से मुलाकात की। ये महिलाएं महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली से थीं।

भोइर ने बताया कि दुल्हनों की खरीद-फरोख्त की यह प्रथा लैंगिक असमानता और गरीबी में निहित है। यह समस्या केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश के लिए एक व्यापक चिंता का विषय है। कई राज्यों की महिलाएं और लड़कियां इस प्रथा का शिकार हो रही हैं।

शोध के दौरान सामने आई सबसे विचलित करने वाली घटनाओं में से एक लगभग 11 से 13 वर्ष की एक बच्ची की थी, जिसे कथित तौर पर बेहद मामूली रकम में बेच दिया गया था। इस बच्ची की कहानी ही फिल्म की मुख्य पात्र की प्रेरणा बनी। फिल्म में मुख्य भूमिका स्वयं तृप्ति भोइर ने निभाई है। इस किरदार के माध्यम से फिल्मकार अनगिनत महिलाओं की अक्सर अनसुनी पीड़ा, बेबसी और क्रूर शोषण की कहानियां पर्दे पर लाई है।

 

सिनेमा से आगे भी जारी है यह संघर्ष

इस फिल्म का महत्व केवल कहानी कहने तक सीमित नहीं है। तृप्ति भोइर ने बताया कि एनजीओ शेल्टर फाउंडेशन ने दुल्हन के रूप में खरीदी-बेची जाने वाली प्रथा की पीड़ित लगभग 2,000 महिलाओं का आंकड़ा संकलित किया है। यह आंकड़ा करीब एक वर्ष और तीन महीने पहले राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर को सौंपा गया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने एक तथ्य-जांच समिति का गठन किया है।

उन्होंने कहा, “मैं इस मुद्दे के समाधान के लिए कदम उठाने वाली सरकार को सलाम करती हूं। यह फिल्म बनाने का एक और कारण है।”

महिलाओं की तस्करी : एक वैश्विक समस्या

भोइर ने यह भी कहा कि लड़कियों के लापता होने और उनके खिलाफ यौन हिंसा की घटनाएं दुनियाभर में चिंता का विषय हैं। पिछले 15-20 वर्षों में मानव तस्करी और वेश्यावृत्ति के प्रति जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, लेकिन दुल्हनों की खरीद-फरोख्त और उन्हें गुलामी में धकेलने की प्रथा पर तुलनात्मक रूप से बहुत कम ध्यान दिया गया है। दुनियाभर के फिल्म महोत्सवों और संस्थानों में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान लोगों से हुई बातचीत ने उनके इस विश्वास को और मजबूत किया है कि इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक जागरूकता और चर्चा की आवश्यकता है।

‘पारो: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ब्राइड स्लेवरी’ के माध्यम से तृप्ति भोइर इस गंभीर सामाजिक मुद्दे को हाशिए से निकालकर मुख्यधारा में लाना चाहती हैं। साथ ही, वह लैंगिक असमानता, दुल्हन की खरीद-फरोख्त और महिलाओं की गरिमा एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संवाद शुरू करने की आशा रखती हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन शुभंकर वशिष्ठ ने किया।

इफ्फीलॉइड यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

*****

पीके/केसी/आरटी/वीके/एसवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!