Front Pageआपदा/दुर्घटना

सड़क हादसे में थराली के गांव के 3 लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –

थराली, 12 दिसंबर। विकासखंड देवाल के चौड़ गांव में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत से पूरे चौड़ गांव के साथ देवाल क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को अंतिम दर्शन हेतु परिजन अपने-अपने घर ले गए, जहां कोहराम मचा हुआ है। आसपास के गांवों से पहुंचे रिश्तेदारों के चेहरों पर भी गहरा दुख साफ झलक रहा है।

विवाह समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चौड़ गांव के चार पुरुष और महिलाएं करीब 12 किलोमीटर दूर मौपाटा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। शाम लगभग 3:30 बजे चौड़ गांव के ही 52 वर्षीय नारायण सिंह पुत्र गोविंद सिंह अपने प्राइवेट वाहन (यूपी 15 बीएफ 9963 – ईकोस्पोर्ट) से घर लौटने के लिए तैयार हुए। वाहन में तीन महिलाओं एवं दो पुरुषों ने बैठकर चौड़ गांव लौटने का इरादा किया, लेकिन उन्हें यह अंदेशा नहीं था कि यह सफर उन्हें सीधे मौत की ओर ले जाएगा।

बिना चालक चल पड़ा वाहन, 500 मीटर गहरी खाई में गिरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन मौपाटा के रोल तोक में सड़क के किनारे खड़ा था, जहाँ सड़क पर तीव्र ढाल है। चालक वाहन में सवार भी नहीं हो पाया था कि अचानक वाहन बिना चालक के ही चलने लगा और तेज ढलान के कारण गति पकड़ते हुए करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जहां से वाहन गिरा, उसके नीचे कोटेड़ा–मौपाटा सड़क का मोड़ था, जिस पर वाहन जा गिरा।

दुर्घटना में कुछ लोग पहाड़ी पर छिटक गए जबकि कुछ वाहन के साथ नीचे की सड़क पर आ गिरे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने वाहन के पहियों के आगे पत्थर नहीं लगाया था और न ही वाहन को गियर में खड़ा किया था। केवल हैंड ब्रेक के भरोसे वाहन खड़ा किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ।

दो की मौके पर मौत, एक ने रास्ते में दम तोड़ा
इस भीषण दुर्घटना में बसंती देवी पत्नी मान सिंह और मोहनी देवी पत्नी कुंवर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य घायल, भजन सिंह पुत्र बादर सिंह, को 108 एंबुलेंस से देवाल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
हादसे में चौड़ गांव के खिलाप सिंह पुत्र नारायण सिंह और कोटेड़ा गांव की कुमारी ज्योति पुत्री गंगा सिंह घायल हो गए।

गांव में पसरा शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चौड़ गांव में एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग से आई चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में मृतकों का पोस्टमार्टम किया और शव परिजनों को सौंप दिए।
शवों को गांव लाए जाने पर परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। कई ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखें नम हो गईं। परिजनों के अनुसार सभी का अंतिम संस्कार शनिवार को बोरागाड़ स्थित पिंडर नदी के पैतृक घाट पर किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने व्यक्त की संवेदनाएँ
घटना की जानकारी मिलने के बाद थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा मेडिकल कॉलेज श्रीनगर पहुंचे और वहां भर्ती घायल खिलाप सिंह एवं कुमारी ज्योति का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार घायलों के साथ है और उपचार में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करने वालों में देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, पूर्व प्रमुख डी.डी. कुनियाल, जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम, हाट–कल्याणी की उर्मिला बिष्ट, चौड़ की ग्राम प्रधान मीना देवी, पूर्व जेष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हैं। सभी ने ईश्वर से पीड़ित परिवारों को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!