क्षेत्रीय समाचारपर्यावरण

लोहाजंग और मुंदोली में पर्यावरण संरक्षण पर गोष्ठी आयोजित

‘पेड़ बचाओ, हिमालय बचाओ’ के संदेश के साथ निकाली जागरूकता रैली

थराली, 26 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अनंत नन्दा फाउंडेशन की ओर से पर्यटक स्थल लोहाजंग और मुंदोली में जागरूकता रैली निकाली गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण के उपायों और इसमें जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की गई।

फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक, पूर्व सैनिक तथा अल्ट्रा ट्रेल धावक कलम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ‘पेड़ बचाओ, हिमालय बचाओ’ के संदेश के साथ निकाली गई रैली लोहाजंग और मुंदोली के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। रैली में बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के नारे लगाते हुए लोगों को हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी और वन संपदा के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

रैली के बाद आयोजित गोष्ठी में कलम सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्यावरण में तेजी से आ रहे बदलाव और पारिस्थितिक असंतुलन के कारण प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ रहा है। इन आपदाओं से जनहानि के साथ ही संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों को भी व्यापक क्षति पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

बिष्ट ने लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण करने के साथ ही रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। गोष्ठी में फाउंडेशन से जुड़े अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!