राजनीति

कांग्रेस ने उत्तराखंड की कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर जताई चिंता

 

देहरादून, 15 फरबरी। भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी और उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता कर प्रदेश की कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है, जिस पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रेस वार्ता में गरिमा मेहरा दसौनी ने राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई हत्याओं और हिंसक घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पुलिस मुख्यालय और सचिवालय के आसपास भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो आम नागरिकों की चिंता स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।

इस अवसर पर सुरभि द्विवेदी ने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, सेवा और न्याय के प्रतीक हैं और उनके नाम पर किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर की जाने वाली गतिविधियों से समाज में तनाव बढ़ता है, जो किसी भी दृष्टि से सही नहीं है। उन्होंने अपील की कि धार्मिक आस्था का उपयोग समाज को जोड़ने और सकारात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि समाज और संगठनों को ऐसे मामलों में पीड़ितों के न्याय के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उनका कहना था कि युवाओं की शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर काम करना अधिक आवश्यक है।

प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि धार्मिक नारे या प्रतीकों का प्रयोग कर हिंसक गतिविधियां करने से आम श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने सरकार से अपेक्षा जताई कि वह ऐसे मामलों में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
अंत में नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक समरसता और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने घोषणा की कि यूथ कांग्रेस सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उसके साथ खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!