Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें गौचर मेले का शुभारंभ, 37 करोड़ की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण

 

गौचर प्रेस क्लब भवन के लिए धन देने की घोषणा, पत्रकार ललित लखेड़ा और प्रकाशक कीर्ति नवानी सम्मानित

—दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट—

गौचर, 14 नवंबर। ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 37 करोड़ रुपये की दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने गौचर प्रेस क्लब भवन के निर्माण के लिए भूमि चयनित होने पर धन उपलब्ध कराने तथा सिमली अस्पताल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए समिति गठित करने का आश्वासन भी दिया।

गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक वाद्ययंत्रों, बैंड की धुनों और पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने मुख्य द्वार पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चित्र तथा मेले के संस्थापक सदस्य गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट किया। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन कभी भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। आज यह मेला स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये पार कर चुका है। कृषि, बागवानी, पर्यटन, होमस्टे और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से पहाड़ों से पलायन रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने चमोली को चिपको आंदोलन की जन्मभूमि और गौरवशाली सैन्य परंपरा वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि सीमांत गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 के अंतर्गत 32.45 करोड़ रुपये की गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा 4.59 करोड़ रुपये की गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को पत्रकारिता एवं साहित्य में योगदान के लिए ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ तथा बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!