मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों के चेहरे खिले
पोखरी, 20 मार्च (राणा)। क्षेत्र में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने से लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। लगातार बारिश और ठंड के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं मवेशियों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था भी चुनौती बन गई है। बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
हालांकि, यह बारिश काश्तकारों के लिए राहत लेकर आई है। सूखने की कगार पर पहुंच चुकी गेहूं, जौ और सरसों की फसलों के साथ-साथ साग-सब्जियों को इससे काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय बाद क्षेत्र में हुई इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि आगे भी समय-समय पर इसी तरह बारिश होती रही, तो फसलों का उत्पादन बेहतर होने की संभावना है
