लगातार बारिश से लौटी ठंड, फसलों को मिला जीवनदान
–गौचर से दिग्पाल गुसाईं-
गौचर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते एक बार फिर ठंड लौट आई है। वहीं मुरझाने के कगार पर पहुंच चुकी फसलों को भी इस बारिश से नया जीवनदान मिला है।
दरअसल, लंबे समय से क्षेत्र में शीतकालीन वर्षा न होने और समय से पहले बढ़ती गर्मी के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई थी। आशंका जताई जा रही थी कि यदि बारिश नहीं हुई तो आने वाले दिनों में असहनीय गर्मी के साथ ही फसलों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसका असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुरांश के समय से पहले खिलने और निचले इलाकों में आम की बौर जल्दी आने के रूप में देखा भी जा रहा था।
जल स्रोतों में पानी की मात्रा घटने से पेयजल और सिंचाई का संकट भी गहराने लगा था। स्थिति यहां तक पहुंच गई थी कि समय से पहले ही जंगलों में आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया था।
इसी बीच बृहस्पतिवार को मौसम में अचानक बदलाव आया और बारिश का दौर शुरू हो गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां बर्फबारी हुई, वहीं निचले इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। इससे ठंड का असर बढ़ गया और लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े पहनने पड़े।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश बिना सिंचाई वाले खेतों की फसलों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। हालांकि, जिन फलदार पेड़ों पर पहले ही फूल आ चुके हैं, उन्हें नुकसान होने की आशंका भी जताई जा रही है।
फिलहाल, इस बारिश ने काश्तकारों, वन विभाग और पेयजल आपूर्ति से जुड़े विभागों को राहत जरूर पहुंचाई है। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी था।
