Front Pageसुरक्षा

भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण’ नेपाल में शुरू

कुमाऊं रेजिमेंट के 334 जवान भारतीय दल का हिस्सा

देहरादून, 25 नवंबर। भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण’ का 20वां संस्करण बुधवार को नेपाल के सलझंडी स्थित नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में शुरू हुआ। यह अभ्यास 25 नवंबर से 8 दिसंबर तक चलेगा।

उद्घाटन समारोह में नेपाल सेना के मिड-वेस्टर्न डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल पूर्ण बहादुर खत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भारतीय सेना के 334 जवानों के दल का प्रतिनिधित्व कुमाऊं रेजिमेंट कर रही है। नेपाल सेना की ओर से भी 334 जवान अभ्यास में भाग ले रहे हैं। उनका प्रतिनिधित्व श्री ज्वाला दल बटालियन कर रही है।

अभ्यास का उद्देश्य कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उग्रवाद और आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से दोनों सेनाओं के बीच तालमेल, परिचालन समन्वय और आपसी समझ बढ़ाना है।

अभ्यास में संयुक्त सामरिक अभियान, हेलीकॉप्टर आधारित अभियान, आपदा प्रतिक्रिया और चिकित्सा प्रशिक्षण शामिल हैं। दोनों देशों के सैनिक अपने परिचालन अनुभव और कार्यप्रणालियां साझा करेंगे तथा संयुक्त अभियान क्षमता को बेहतर बनाने के लिए रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं पर काम करेंगे।

‘सूर्यकिरण’ वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है, जो बारी-बारी से भारत और नेपाल में आयोजित किया जाता है। इससे दोनों देशों के रक्षा सहयोग, सेनाओं के बीच विश्वास और भाईचारे को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता भी मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!