नरेन्द्रनगर महाविद्यालय के छात्रों ने सीखे फैशन और प्रोडक्ट फ़ोटोग्राफ़ी के गुर

नरेन्द्रनगर, 8 अप्रैल।‘ध्वनि सम्प्रेषण का अपना विशेष प्रभाव होता है, लेकिन फोटोग्राफी संदेश की प्रभाविता में गुणोत्तर वृद्धि करती है।’ उक्त विचार महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रणिता नन्द ने व्यक्त किए। यह वक्तव्य उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा आईक्यूएसी के बैनर तले कैनन इंडिया के सहयोग से आयोजित एक दिवसीय फैशन एवं प्रोडक्ट फोटोग्राफी कार्यशाला में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए दिया।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को फोटोग्राफी के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराना तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों की समझ प्रदान करना था। कार्यक्रम में कैनन इंडिया देहरादून के विशेषज्ञ दानियाल हसन तथा राजेश थपलियाल ने भाग लिया और छात्रों को कैमरा संचालन, लाइटिंग, एंगल, फ्रेमिंग तथा फोटो को आकर्षक बनाने के सरल एवं प्रभावी तरीके बताए।
विषय विशेषज्ञ राजेश थपलियाल ने बताया कि फैशन फोटोग्राफी में मॉडल की प्रस्तुति, एक्सप्रेशन और स्टाइल के साथ-साथ मेकअप आर्टिस्ट, लाइट सेटअप और कॉस्ट्यूम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, जबकि प्रोडक्ट फोटोग्राफी में उत्पाद को स्पष्ट, सुंदर और प्रभावी तरीके से प्रदर्शित करना आवश्यक होता है। उन्होंने प्रोडक्ट फोटोग्राफी के सृजनात्मक पहलुओं पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे प्रोडक्ट ग्राहकों के दिल को छू सकता है तथा लक्षित उद्देश्य को प्राप्त किया जा सकता है। वहीं विषय विशेषज्ञ दानियाल हसन ने प्राकृतिक प्रकाश में फोटोग्राफी की संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए फैशन और प्रोडक्ट फोटोग्राफी के व्यावसायिक पहलुओं पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
पत्रकारिता विभाग प्रभारी डॉ. सृचना सचदेवा ने अपने संबोधन में कहा कि भले ही एआई फोटोग्राफी के क्षेत्र में परिवर्तन ला रही है, परंतु यह मानवीय कौशल और फोटोग्राफी सेंस का विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि अच्छी फोटोग्राफी स्टोरी टेलिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए मीडिया छात्र फोटोग्राफी में निपुणता हासिल कर अपने करियर को बेहतर दिशा दे सकते हैं।

कार्यशाला में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और स्वयं फोटो शूट कर फोटोग्राफी की बारीकियों को सीखा। कार्यशाला के दौरान फैशन और प्रोडक्ट शूट का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं ऋषिता, रूपा, कल्पना, प्रियंका, हिमांशु और आयुष की मॉडलिंग रही। उन्होंने विभिन्न परिधानों और उत्पादों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने सराहना की। इस अवसर पर विशेषज्ञों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल ने किया। कार्यशाला में विशाल त्यागी ने छायांकन तथा शिशुपाल ने अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं का निर्वहन किया।
कार्यशाला में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगणों के साथ ही शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
