क्षेत्रीय समाचार

देवाल बाजार में सुलभ शौचालय निर्माण को लेकर स्थलीय निरीक्षण, व्यापारियों में खुशी

 

थराली, 9 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। देवाल बाजार में राजकीय इंटर कॉलेज (राइका) मोटर मार्ग पर सुलभ इंटरनेशनल द्वारा जनहित में सुलभ शौचालय निर्माण के लिए स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे किया गया। इस पहल पर देवाल के व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि देवाल बाजार में राइका देवाल जाने वाले मोटर मार्ग पर सड़क किनारे लंबे समय से भारी मात्रा में गंदगी का अंबार लगा रहता है। यहां शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को खुले में शौच करने की मजबूरी रहती है, जिससे सड़क के आसपास गंदगी फैली रहती है। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर वांण, घेस और सवाड़ घाटी के अधिकांश वाहन खड़े रहते हैं, जिससे यहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसी स्थिति में सुलभ शौचालय के अभाव में स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पिछले महीने जिलाधिकारी विनोद कुमार को पत्र भेजकर राइका मार्ग पर सुलभ शौचालय निर्माण की मांग की गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल को देवाल में सुलभ शौचालय निर्माण के लिए स्थलीय निरीक्षण कर आगणन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सुलभ इंटरनेशनल चमोली के व्यवस्था प्रभारी मनोज झा गुरुवार को देवाल पहुंचे। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से विचार-विमर्श कर प्रस्तावित स्थान का स्थलीय निरीक्षण किया तथा नाप-जोख की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही देवाल में सुलभ शौचालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस मौके पर इच्छोली वन पंचायत के सरपंच नवीन चंद्र मिश्रा, देवाल व्यापार संघ के अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह बिष्ट, व्यापार संघ के उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह बिष्ट, महामंत्री गोविंद बिष्ट, भाजपा नेता गणेश मिश्रा सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!