देवाल में अभियंताओं का धरना समाप्त, बीडीओ के खिलाफ की नारेबाजी
थराली, 9 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की चमोली शाखा ने विकास खंड देवाल के खंड विकास अधिकारी द्वारा दो अधीनस्थ अभियंताओं से स्पष्टीकरण तलब किए जाने के विरोध में ब्लॉक कार्यालय में जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया और वहीं धरना शुरू कर दिया। बाद में खंड विकास अधिकारी द्वारा लिखित रूप से स्पष्टीकरण वापस लेने का आश्वासन देने पर धरना समाप्त कर दिया गया। इस दौरान हड़ताली अभियंताओं ने बीडीओ देवाल एवं राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
दरअसल, उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के हड़ताल के आह्वान के चलते विकास खंड देवाल में तैनात ग्रामीण निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अंकित सिलोड़ी तथा लघु सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मुकुल कुमार भी हड़ताल पर चले गए थे। इस पर देवाल के खंड विकास अधिकारी जगदीश चन्द्र बैरवाण ने 24 मार्च को दोनों अभियंताओं को स्पष्टीकरण पत्र जारी कर जवाब देने के निर्देश दिए थे।
इस कार्रवाई पर हड़ताली इंजीनियर महासंघ की जिला, शाखा एवं खंड इकाइयों ने रोष व्यक्त करते हुए 25 मार्च को बीडीओ देवाल को पत्र भेजकर स्पष्टीकरण तत्काल वापस लेने की मांग की थी। बावजूद इसके बीडीओ देवाल द्वारा गुरुवार तक स्पष्टीकरण वापस नहीं लिया गया, जिससे महासंघ में नाराजगी बढ़ती गई।
गुरुवार को प्रातः 11 बजे महासंघ के चमोली जिलाध्यक्ष अमित घिड़ियाल, जिला सचिव अंकित बिष्ट, कर्णप्रयाग शाखा के सचिव विपिन नौटियाल तथा थराली खंड अध्यक्ष डीएस बधाणी के नेतृत्व में थराली, देवाल, नारायणबगड़, कर्णप्रयाग और गोपेश्वर सहित जिले के विभिन्न विकास खंडों से 60 से अधिक हड़ताली कनिष्ठ अभियंता विकास खंड मुख्यालय देवाल पहुंचे। यहां अभियंताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विकास खंड कार्यालय में धरना शुरू कर दिया।
धरने के दौरान वक्ताओं ने दो अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगे जाने को अनुचित बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही, 16 दिनों से जारी हड़ताल के बावजूद सरकार द्वारा कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।
काफी देर तक चले धरने और अभियंताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अंततः खंड विकास अधिकारी ने हड़ताली अभियंताओं के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए कार्यालय में बुलाया। वार्ता के बाद बीडीओ जगदीश चन्द्र बैरवाण ने दोनों अभियंताओं को जारी स्पष्टीकरण वापस लेने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद महासंघ की चमोली शाखा ने ब्लॉक कार्यालय में जारी धरना समाप्त कर दिया।
इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता संतोष नेगी, प्रेम जोशी, आशीष डोभाल, आशीष रावत, मुकुल कम्बोज, अंकित सिलोड़ी, मनीष रावत, दीक्षा चौहान, विकास राणा, शुभम प्रजापति, संदीप कुमार, अक्षय कुमार, रोबिन, सुनीता सहित 60 से अधिक कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
