क्षेत्रीय समाचार

अवैध खनन पर एसडीएम की कार्रवाई, जेसीबी और ट्रैक्टर सीज; ठेकेदार को सख्त चेतावनी

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 10 अप्रैल। उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट ने ग्वालदम-नन्दकेशरी राजमार्ग संख्या-91 पर अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया है। इसके अलावा एसडीएम ने मोटरमार्ग पर चल रही अनियमितताओं को सुधारने के लिए ठेकेदार को सख्त चेतावनी जारी की है। अवैध रूप से सड़क की पहाड़ियों को खोदने के मामले में देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख ने भी प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बद्रीनाथ को पत्र भेजकर ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि तहसील क्षेत्र थराली में क्रेशर और खनन पट्टों में बरती जा रही अनियमितताओं तथा नियम-कानूनों को दरकिनार कर किए जा रहे कार्यों के खिलाफ एसडीएम थराली पंकज भट्ट लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। इसके चलते क्रेशर स्वामियों और खनन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है।
इसी क्रम में गुरुवार को उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने ग्वालदम-नन्दकेशरी राजमार्ग पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे पुनर्निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग थराली के अधीन इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य जेड़ीजेवी ग्रुप, श्यामपुर (ऋषिकेश) को आवंटित किया गया है, जो पिछले दो-तीन महीनों से सड़क पर कार्य कर रहा है।
एसडीएम के औचक निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। सड़क पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत पर जांच करने पर पाया गया कि सड़क की पहाड़ियों पर वन विभाग की भूमि से ठेकेदार द्वारा बड़े स्तर पर अवैध खनन किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया गया और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ी हिस्सों से अवैध रूप से खनन किया जा रहा था तथा खनिज परिवहन में प्रयोग की जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रही थीं। इसके अलावा एक जेसीबी मशीन के आगे ब्रेकर लगाकर अवैध खनन गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस पर कार्रवाई करते हुए उपजिलाधिकारी ने मौके पर ही एक ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन को सीज कर दिया तथा ठेकेदार के खिलाफ अवैध खनन की धाराओं में आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
एसडीएम पंकज भट्ट ने कहा कि अवैध खनन एवं निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि बिना नंबर प्लेट के चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ज्येष्ठ प्रमुख ने डीएफओ को भेजा पत्र
अवैध रूप से सड़क की खुदाई कर पत्थर निकाले जाने के मामले में देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने प्रभागीय वनाधिकारी, बद्रीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि ग्वालदम-नन्दकेशरी 18 किलोमीटर मोटर सड़क पर राजजात के तहत सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें ठेकेदार द्वारा सड़क की पहाड़ियों को अवैध रूप से खोदा जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि इस तरह की खुदाई से बरसात के दौरान सड़क के अवरुद्ध होने की संभावना बढ़ गई है। यदि भविष्य में सड़क अवरुद्ध होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ज्येष्ठ प्रमुख ने डीएफओ से ठेकेदार के खिलाफ अवैध खनन के तहत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी चमोली, उपजिलाधिकारी थराली तथा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग थराली को भी प्रेषित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!