पिंडर और शंभू नदियों पर अस्थायी पुल बनाने की मांग, हरमल में ट्रॉली का निर्माण पूरा करने पर जोर
थराली, 23 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के सुदूरवर्ती गांवों में आवागमन की समस्याओं को देखते हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने पिंडर और शंभू नदियों पर अस्थायी लकड़ी के पुलों के निर्माण तथा हरमल में निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक ट्रॉली का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
हरमल के ग्राम प्रधान आलम राम, हरमल-चोटिंग के क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया और भाजपा नेता हरेंद्र गड़िया सहित अन्य प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2013 की भीषण आपदा में हरमल के पास पिंडर नदी पर बना झूला पुल बह गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने यहां इलेक्ट्रिक ट्रॉली की व्यवस्था की थी, लेकिन वह भी नदी की भेंट चढ़ गई। पिछले वर्ष से ट्रॉली की मरम्मत का कार्य चल रहा है, जो अब तक पूरा नहीं हो सका है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद पिंडर नदी का जलस्तर घट गया है। ऐसे में नदी के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए अस्थायी लकड़ी का पुल बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने इलेक्ट्रिक ट्रॉली की मरम्मत का अधूरा कार्य भी शीघ्र पूरा करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के सीमावर्ती गांवों को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर शंभू नदी के ऊपर कुंवरगढ़ नामक स्थान पर बनी गार्डर पुलिया भी बह गई थी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कराने तथा तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में लकड़ी का अस्थायी पुल बनाने की मांग की।
प्रतिनिधियों का कहना था कि इन पुलों के अभाव में सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए पुलों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने प्रतिनिधियों को उनकी मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इधर, सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने भी लोक निर्माण विभाग थराली को पत्र भेजकर पिंडर और शंभू नदियों पर अस्थायी लकड़ी के पुलों का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की है।

