Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने में 11 दिन शेष, व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी मंदिर समिति

बद्रीनाथ/ज्योतिर्मठ, 12 अप्रैल (कपरुवाण)।भगवान बद्रीविशाल के कपाट खुलने में अब मात्र ग्यारह दिन शेष रह गए हैं। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने में जुटी हुई है। मंदिर समिति का अग्रिम दल पहले ही यहां पहुंचकर रंग-रोगन व मरम्मत कार्यों में लगा हुआ है।
शनिवार को बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष श्री सती के अनुसार मंदिर समिति का अग्रिम दल अब तक मंदिर सिंहद्वार एवं मंदिर परिसर में रंग-रोगन, विश्राम गृहों में साज-सज्जा तथा मरम्मत आदि के कार्य पूर्ण कर चुका है। वहीं पूजा काउंटर एवं मोबाइल लॉकर कक्ष का निर्माण कार्य जारी है।
उन्होंने मास्टर प्लान कार्यों की देखरेख कर रही एजेंसियों से कपाट खुलने से पूर्व मंदिर पहुंच मार्ग सहित सभी आवश्यक निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपेक्षा की, ताकि तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति श्री बद्रीनाथ एवं केदारनाथ पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुलभ दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्पित है।
इस दौरान एसडीएम चन्द्रशेखर बशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक एम.एस. बिष्ट, ईओ नगर पंचायत सुनील पुरोहित, मंदिर अभियंता गिरीश रावत, प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट तथा सहायक नोडल अधिकारी (प्रोटोकॉल) संदीप कपरुवाण आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!