थराली में बाढ़ सुरक्षा व नहर निर्माण की 10 योजनाओं को मिली स्वीकृति, करीब 21 करोड़ रुपये होंगे खर्च
थराली, 14 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। कर्णप्रयाग एवं थराली विधानसभा क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पांच योजनाओं के निर्माण के लिए करीब 18 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, पांच नहरों के नव निर्माण एवं पुनर्निर्माण के लिए भी लगभग 2 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
सिंचाई खंड थराली के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि थराली खंड के अंतर्गत थराली विधानसभा क्षेत्र के थराली विकासखंड में डाडरबगड़ में बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये तथा रामलीला मैदान थराली के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आद्रीबद्री के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये, रामगंगा क्षेत्र के लिए 6 करोड़ रुपये तथा शिशु मंदिर कर्णप्रयाग के लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है।
अधिशासी अभियंता श्रीवास्तव ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा योजनाओं के अतिरिक्त नारायणबगड़ विकासखंड में मींग एवं बेडुला नहरों के पुनर्निर्माण तथा कर्णप्रयाग विकासखंड के अंतर्गत नौटी, कल्याणी और डुंग्री नहरों के पुनर्निर्माण को भी सरकार ने स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के लिए शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित कर निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ सुरक्षा से संबंधित अन्य कई योजनाओं को तकनीकी स्वीकृति (टीएससी) मिल चुकी है और जल्द ही इन योजनाओं के लिए भी धनराशि जारी होने की संभावना है।
