कुंभ और चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, पंतद्वीप क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया

हरिद्वार, 17 अप्रैल। चारधाम यात्रा-2026, कांवड़ मेला-2026 एवं कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत शनिवार को उप मेला अधिकारी आकाश जोशी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा पंतद्वीप क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की गई।
उप मेला अधिकारी श्री जोशी ने बताया कि इस संयुक्त अभियान में नगर निगम, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान टीम ने अवैध अतिक्रमण कर बनाई गई 35 अस्थायी दुकानों तथा 57 रेहड़ियों को हटाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
