ट्रक प्रौद्योगिकी राजमार्गों पर श्रमिकों और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा कर रही है

-A PIB Feature-
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) राष्ट्रीय राजमार्गों का सक्रिय रूप से विस्तार कर रहा है और इसका ध्यान न केवल तेज़ कनेक्टिविटी पर है, बल्कि सुरक्षा मानकों को वैश्विक स्तर पर ले जाने पर भी है। आज बुनियादी ढांचा विकास केवल केवल चौड़ी सड़कें बनाने तक सीमित नहीं है; बल्कि ये उन सभी लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा है, जो इन सड़कों पर यात्रा करते हैं। इसी विजन के साथ उन्नत सुरक्षा प्रणालियां जैसे ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर (टीएमए) कई राजमार्गों खंडों पर तैनात किये गये हैं और ये वैश्विक प्रथाएं जमीनी स्तर पर कार्यरत श्रमिकों तथा राजमार्ग उपयोगकर्ताओं सहित बहुत से लोगों का जीवन बचा रही हैं।
सड़कों पर काम करने वालों की सुरक्षा
हर राजमार्ग उन्नयन और रखरखाव कार्य के पीछे सैकड़ों श्रमिक कठिन और उच्च-जोखिम वाले वातावरण में काम करते हैं। व्यस्त राजमार्गों पर रखरखाव और निर्माण क्षेत्र सबसे अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में आते हैं, जहां तेज गति से चलने वाले वाहन और सीमित दृश्यता गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
इन जोखिमों को कम करने के लिए मंत्रालय ने निरंतर कंसेशनेयर्स को राजमार्ग परियोजनाओं में उन्नत सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया है। इसी विजन के अनुरूप एक कंसेशनेयर ने एक सक्रिय पहल करते हुए एकीकृत विग-वैग चेतावनी प्रणाली से युक्त ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर को तैनात करना शुरू किया है।
यह कंसेशनेयर आंध्र प्रदेश और गुजरात में 681 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का संचालन और प्रबंधन करता है, जिससे यह तैनाती राजमार्ग सुरक्षा प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण बन गई है।

ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर्स क्या हैं?
ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर्स विशेष रूप से डिजाइन किए गए प्रभाव-अवशोषित सुरक्षा उपकरण हैं, जो श्रमिकों और सड़क उपयोगकर्ताओं दोनों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टकराव की स्थिति में ये प्रणालियां गतिज ऊर्जा को अवशोषित और नष्ट कर देती हैं, जिससे प्रभाव का बल कम हो जाता है। यह निम्नलिखित में मदद करता है:
- वाहन के आगे काम कर रहे रखरखाव दल की सुरक्षा करना।
- टक्कर मारने वाले वाहन के यात्रियों के चोट के जोखिम को कम करना।
- राजमार्ग निर्माण क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की गंभीरता को कम करना।
कई मायनों में टीएमए एक अदृश्य ढाल की तरह काम करते हैं, जो खतरे और मानव जीवन के बीच खड़े रहते हैं।
दुर्घटनाओं को रोकने वाली प्रारंभिक चेतावनी
तैनात किए गए टीएमए उच्च-तीव्रता वाले विग-वैग चेतावनी लाइट्स से सुसज्जित हैं, जो बारी-बारी से चमकते हुए दिशासूचक तीर का संकेत देते हैं। ये संकेत पीछे से आने वाले चालकों को स्पष्ट और समय रहते चेतावनी प्रदान करते हैं।
यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी है:
- उच्च गति वाले राजमार्ग गलियारों पर
- रात्रिकालीन संचालन के दौरान
- धुंध या कम दृश्यता वाली स्थितियों में
ड्राइवरों को काफी पहले से सचेत करके ये प्रणालियां दुर्घटना होने से पहले ही उन्हें रोकने में मदद करती हैं।
उद्देश्यपूर्ण आंकड़े: सुरक्षित राजमार्गों का निर्माण
इन 9 राजमार्ग परियोजनाओं में:
- 33 ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर्स तैनात किए गए हैं
- 15 टोएबल ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर्स स्थापित किए गए हैं
- सभी इकाइयां वैश्विक रूप से मान्यता प्राप्त सुरक्षा मानकों, जैसे एमएएसएच टेस्ट लेवल-3 (टीएल-3) और एनसीएचआरपी 350 टेस्ट लेवल-3, के अनुरूप हैं
- ये प्रणालियां 100 किमी/घंटे तक की गति से होने वाले प्रभावों को सहने के लिए डिज़ाइन की गई हैं
इस विजन का धरातल पर क्रियान्वयन
यह पहल दर्शाती है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की दूरदर्शी सुरक्षा दृष्टि को धरातल पर ठोस और मापनीय कार्रवाई में कैसे बदला जा रहा है। मंत्रालय और उसके कंसेशनेयर द्वारा प्रदर्शित प्रतिबद्धता यह रेखांकित करती है कि वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को लागू करने और सुरक्षित राजमार्ग सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।
जैसे-जैसे भारत के राजमार्ग चौड़े और तेज़ होते जा रहे हैं, यह उतना ही आवश्यक है कि हर जोड़े गये किलोमीटर के साथ सुरक्षा भी सशक्त हो। ट्रक माउंटेड अटेन्यूएटर्स जैसे समाधान आधुनिक बुनियादी ढांचे की विकसित होती पहचान के प्रतीक हैं — जहां विकास केवल गति से नहीं, बल्कि सुरक्षित यात्राओं, सुरक्षित श्रमिकों और बचाये गये जीवनों से परिभाषित होता है।
