डीएसी नंबर में देरी से रसोई गैस उपभोक्ता परेशान, बिना डीएसी सिलेंडर देने की उठी मांग
पोखरी, 23 अप्रैल (राणा)। विकासखंड पोखरी क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) नंबर समय पर न मिलने के कारण उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में दिक्कतें आ रही हैं। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता एवं किमोठा ग्राम प्रधान हरिकृष्ण किमोठी ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
हरिकृष्ण किमोठी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को केवल डीएसी नंबर के आधार पर ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं, लेकिन मिस्ड कॉल के माध्यम से बुकिंग करने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को एक सप्ताह तक डीएसी नंबर प्राप्त नहीं हो रहा है। उन्होंने इसे सिस्टम की विफलता और लापरवाही करार दिया।
उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से उपभोक्ता वाहन किराए पर लेकर अपने खाली सिलेंडर भरवाने के लिए देवस्थान स्थित गैस एजेंसी तक पहुंच रहे हैं, लेकिन डीएसी नंबर न होने के कारण उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। इससे उनका समय और पैसा दोनों व्यर्थ हो रहा है। साथ ही, कई ग्रामीण उपभोक्ताओं को डीएसी प्रणाली की पर्याप्त जानकारी नहीं होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
हरिकृष्ण किमोठी ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर गैस आपूर्ति पर भी पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में गैस की किल्लत महसूस की जा रही है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि गैस एजेंसी के माध्यम से संपर्क मार्गों (ब्रांच रोड) पर सिलेंडर वितरण के लिए वाहन भेजे जाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को गैस बुकलेट के आधार पर सीधे सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। उनका कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर की जटिल प्रक्रिया से राहत मिलेगी और उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
