क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

भूगोल परिषद की क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया ज्ञान, ‘कृष’ रहे प्रथम

पोखरी, 28 अप्रैल (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में छात्र भूगोल परिषद की ओर से आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने ज्ञान और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने कहा कि भूगोल केवल एक विषय नहीं, बल्कि विश्व को समझने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में स्थानीय परंपराओं और हिमालयी जीवन शैली पर आधारित एक संग्रहालय (म्यूजियम) विकसित किया जा रहा है। इस संग्रहालय में क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, मानवीय संघर्ष, पारंपरिक जीवन शैली तथा स्थानीय कृषि भूमि के स्वरूप को दर्शाने वाले मॉडल तैयार किए जाएंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इस कार्य में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर डॉ. केवलानंद पांडे ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हुए कहा कि सामान्य ज्ञान और विषय की गहरी समझ ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने ही प्रतियोगिता का संचालन भी किया।

क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न चरणों के माध्यम से प्रतिभागियों के ज्ञान का आकलन किया गया, जिसमें छात्रों ने तीव्र बुद्धिमत्ता और सटीक उत्तरों से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में ‘कृष’ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी।

कार्यक्रम में विभाग प्रभारी डॉ. अंजलि रावत, डॉ. रेनू सनवाल, डॉ. राजेश भट्ट और डॉ. श्वेता सहित चंदन, चंद्रेश, विजय कुमार, प्रबल तथा भूगोल विषय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक वातावरण के साथ प्रतिस्पर्धा और उत्साह का समावेश देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!